क्रिकेट

IND vs PAK Last Over: 6 में चाहिए थे 16 रन, जानिए धड़कनें बढ़ाने वाले आखिरी ओवर का पूरा हाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 23, 2022, 06:49 PM IST

India vs Pakistan (IND vs PAK) T20 Match, Last Over: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2022 का मुकाबला वैसा ही हुआ जैसा कि सभी फैंस को उम्मीद थी। रोमांचक और धड़कनें बढ़ाने वाला। मैच अंतिम ओवर की अंतिम गेंद तक गया जहां टीम इंडिया ने अपनी जीत बेहद शानदार अंदाज में सुनिश्चित की।

Image

भारत-पाक मैच के अंतिम ओवर का पूरा हाल (AP)

India vs Pakistan (IND vs PAK) T20 Match, Last over details: ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रतिष्ठित व बड़े क्रिकेट ग्राउंड एमसीजी पर भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 विश्व कप 2022 में अपना-अपना पहला मैच खेेलने उतरीं। रविवार को खचाखच भरे मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भावनाएं साफ नजर आ रही थीं, खिलाड़ियों और फैंस के चेहरों पर भी। ये मुकाबला बेहद रोमांचक साबित हुआ जिसकी सबकी उम्मीद थी। मैच अंतिम ओवर की अंतिम गेंद तक गया जहां भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की।

इस मुकाबलेे में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले गेंदबाजी करने का न्योता दिया था। पाकिस्तानी टीम शुरुआत में तो लड़खड़ाई लेकिन उसके बाद इफ्तिखार अहमद और शान मसूद के अर्धशतकों के दम पर उन्होंने किसी तरह सम्मानजनक स्थिति तक अपनी टीम को पहुंचा दिया। पाकिस्तान ने भारत के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा जो इस बड़े मैदान पर आसान नहीं था।

भारतीय पारी में भी आए उतार-चढ़ाव लेकिन टिके रहे विराट

टीम इंडिया की शुरुआत भी बेहद खराब रही और 10 रन के अंदर भारत ने अपने दोनों ओपनर्स के विकेट गंवा दिए थे। सूर्यकुमार यादव भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जबकि अक्षर पटेल 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शुरू हुई विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की साझेदारी जिसने टीम को वापस ट्रैक पर लाकर रख दिया। पांड्या ने 40 रनों की पारी खेली जबकि विराट कोहली (नाबाद 82) अंतिम ओवर तक टिके रहे और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।

ऐसा रहा अंतिम ओवर (भारत को जीत के लिए 6 गेंदों में 16 रन चाहिए, विराट-पांड्या पिच पर, नवाज करेंगे बॉलिंग)

पहली गेंद - नवाज की शानदार गेंद, पांड्या बाबर आजम के हाथों कैच आउट हुए। भारत को करारा झटका। अब जीत के लिए 5 गेंदों में 16 रन चाहिए।

दूसरी गेंद - पिच पर आए नए बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 1 रन लिया। अब जीत के लिए 4 गेंदों में 15 रन चाहिए।

तीसरी गेंद - विराट कोहली ने इस गेंद को खूबसूरती से खेलते हुए 2 रन लिए। अब जीत के लिए 3 गेंदों में 13 रन चाहिए।

चौथी गेंद - इस बार विराट कोहली ने फुल-टॉस पर शानदार छक्का जड़ा और ऊपर से अंपायर ने नो-बॉल का इशारा दे दिया। यानी कुुल 7 रन मिल गए और साथ में फ्री-हिट भी। अब भारत को जीत के लिए 3 गेंदों में 6 रन चाहिए।

चौथी गेंद (फ्री-हिट) - इस गेंद पर नवाज ने वाइड फेंक दी। भारत को 1 और रन मिल गया। अब जीत के लिए 3 गेंदों में 5 रन चाहिए। फ्री-हिट कायम।

चौथी गेंद (फ्री-हिट) - विराट कोहली बोल्ड हुए लेकिन फ्री-हिट में बोल्ड अमान्य है, लेकिन गेंद विकेटों से टकराकर काफी दूर गई जिस बीच विराट और कार्तिक ने दौड़कर 3 रन ले लिए। यानी अब 2 गेंदों में 2 रन चाहिए।

पांचवीं गेंद - दिनेश कार्तिक इस गेंद पर स्टंप हो गए। भारत को झटका। अब 1 गेंद पर 2 रनों की जरूरत। अश्विन नए बल्लेबाज।

छठी गेंद - नवाज ने फिर चूक की और वाइड गेंद फेंक दी। यानी एक रन अतिरिक्त मिल गया और एक गेंद अब भी बाकी। अब अंतिम गेंद पर जीत के लिए 1 रन चाहिए। स्कोर बराबर हैं।

छठी गेंद - अश्विन ने नवाज की इस गेंद को शानदार अंदाज में मिडऑफ दिशा में फील्डर के ऊपर से खेलते हुए 1 रन ले लिया। इसके साथ ही भारत ने ये मैच 4 विकेट से जीत लिया। भारत की ऐतिहासिक जीत।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article