क्रिकेट

IND vs NAM, T20 World Cup 2026 Match Preview: भारत और नामीबिया के बीच भिड़ंत, अभिषेक की जगह सैमसन को मिल सकता है मौका

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ंत जा रही है। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारत बनाम नामीबिया, टी20 विश्व कप 2026 मैच प्रीव्यू

नई दिल्ली: मौजूदा चैंपियन भारत को गुरुवार को नई दिल्ली में होने वाले टी20 विश्व कप मैच में नामीबिया से किसी तरह का खतरा नहीं है लेकिन सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पेट के संक्रमण के कारण मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित टीम प्रबंधन चिंतित होगा क्योंकि इससे उसकी योजनाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में वानखेड़े की चिपचिपी पिच पर बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। अब उन्हें फिरोज शाह कोटला की पिच पर आक्रामक खेल दिखाना चाहेगा, जिसे बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन पिच कहा जा सकता है।

भारत के लिए अभ्यास मैच जैसा है मुकाबला

नामीबिया के खिलाफ भारत का पलड़ा बहुत भारी है जिसकी टीम इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इस तरह से देखा जाए तो भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले यह मैच अभ्यास मैच की तरह है। भारत अगर टॉस जीतता है तो वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा ताकि उसके बल्लेबाजों को पर्याप्त अवसर मिल सके। नामीबिया का गेंदबाजी आक्रमण खास नहीं है और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रही कोई भी टीम उसको छठी का दूध याद दिला सकती है।

अभिषेक का पेट का संक्रमण है चिंता का विषय, सैमसन को मिल सकता है मौका

भारत के लिए अभिषेक का पेट का संक्रमण और वायरल बुखार चिंताजनक है। उन्हें दो दिन भर्ती रहने के बाद बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई लेकिन रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मैच से पहले उन्हें पूरी तरह से ठीक होने का मौका देने के लिए मैदान पर उतारना उचित नहीं होगा, क्योंकि उस मैच में अभिषेक की मौजूदगी विपक्षी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती साबित होगी। नामीबिया के खिलाफ मैच खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन के लिए लय में लौटने का एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है, क्योंकि लगातार असफलताओं के चलते उन्हें अपनी जगह ईशान किशन के हाथों गंवानी पड़ी, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं।

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक कोच रयान टेन डोएशे ने कहा,'संजू अच्छा महसूस कर रहे हैं और चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर टीम में अपनी भूमिका को समझ रहे हैं। वह एक नेक इंसान हैं, टीम के साथ उनका व्यवहार अच्छा है, वह अच्छी तरह से अभ्यास कर रहे हैं और टीम में हम सभी से यही उम्मीद करते हैं।'

भारतीय गेंदबाजी होगी नामीबिया के लिए कड़ी चुनौती

भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रोकना नामीबिया के लिए कड़ी चुनौती होगी। उनके बल्लेबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या की गेंदों का सामना करना और भी चुनौतीपूर्ण होगा। नामीबिया के शीर्ष छह बल्लेबाजों में से केवल ऑलराउंडर जेजे स्मिट का स्ट्राइक रेट 140 से अधिक है। चक्रवर्ती का सामना करना नामीबिया की टीम के लिए बहुत बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि वे आमतौर पर इतने उच्च स्तर के गेंदबाजों का सामना नहीं करते हैं।

आसान है भारत का ग्रुप दौर का कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कार्यक्रम बनाने वाली टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के खिलाफ व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मैच को छोड़कर भारत के लीग चरण के बाकी मैच ऐसी टीमों के खिलाफ हों जो इस प्रारूप में भारत की ए, बी या सी टीम से भी हार जाएंगी। टूर्नामेंट से पहले एक अभ्यास मैच में भारत ए ने नामीबिया को 100 से कम रन पर आउट कर दिया था। अगर पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कुछ गड़बड़ भी हो जाए तब भी भारत सुपर आठ में पहुंच जाएगा, जहां असली परीक्षा शुरू होगी। वहां भी ग्रुप इस तरह से तैयार किए गए हैं कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसे न तो ऑस्ट्रेलिया और न ही दक्षिण अफ्रीका का सामना करना पड़ेगा।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारत:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह।

नामीबिया:

गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जान बाल्ट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), मालन क्रूगर, डायलन लीचर, लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिनक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, विलियम मायबर्ग, जे जे स्मिट, जैक ब्रासेल, मैक्स हेंगो, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, बेन शिकोंगो, रूबेन ट्रम्पेलमैन।

मैच शुरू होने का समय: शाम सात बजे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article