क्रिकेट

IND vs BAN: कौन है छह फीट साढ़े चार इंच लंबा गेंदबाज, क्यों करा रहा है टीम इंडिया को अभ्यास

भारतीय क्रिकेट टीम बांग्लादेश के बल्लेबाज नाहिद राणा का सामना करने के लिए पंजाब क्रिकेट टीम के छह फीट 4.5 इंच लंबे तेज गेंदबाज को अभ्यास के लिए नेट्स पर बुलाया है।

Image

गुरनूर बराड़ (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारतीय टीम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए जमकर कर रही है अभ्यास
  • नाहिद राणा का सामना करने के लिए पंजाब के पेसर की ली जा रही है नेट्स पर मदद
  • मुंबई के ऑफ स्पिनर को भी बुलाया गया है नेट्स पर

चेन्नई: पिछले कुछ वर्षों में भारतीय टीमें मैच के अभ्यास पर काफी हद तक निर्भर रही हैं और गौतम गंभीर की टीम भी इससे अलग नहीं है जो विशेष कौशल वाले नेट गेंदबाजों का चयन कर रही है ताकि 19 सितंबर से यहां शुरू हो रही बांग्लादेश श्रृंखला के लिए बल्लेबाजों को तैयार होने में मदद मिल सके। यहां चार दिवसीय शिविर के लिए बुलाए गए तेज गेंदबाजों में से एक पंजाब के गुरनूर बराड़ हैं जिन्होंने अब तक पांच प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और वह पिछले सत्र में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान पंजाब किंग्स के साथ भी थे।

नाहिद राणा का सामना करने के लिए बराड़ की ली है मदद

हालांकि गुरनूर का प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। लेकिन इस 24 वर्षीय खिलाड़ी के लिए जो चीज कारगर रही है वो उनकी छह फीट 4.5 इंच लंबा कद और तेज गति से गेंद फेंकने की उनकी क्षमता है। ऐसा माना जा रहा है कि गुरनूर को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा के गेंदबाजी एक्शन के लिए खास तौर पर बुलाया गया है जिन्होंने हाल में रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में पांच विकेट चटकाए थे। राणा की गेंदबाजी की खासियत यह है कि छह फीट पांच इंच लंबे कद के कारण उन्होंने उछाल हासिल किया और पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्होंने सीधी लाइन में गेंदबाजी की थी।

चेन्नई की पिच नहीं होगी टर्निंग

ऐसा माना जा रहा है कि नयी गेंद से गेंदबाजी करने वाले दो शानदार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की मौजूदगी में भारत के ‘टर्निंग पिच’ पर खेलने की संभावना नहीं है और चेपक की पिच ऐसी हो सकती है जहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को बराबर मदद मिलेगी। पर इस पर उछाल और अधिक हो सकता है इसलिए बांग्लादेश के लंबे कद के तेज गेंदबाज राणा को भी मौका मिल सकता है। भारत के नए गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल को सलाह देते हुए देखा गया कि स्टार बल्लेबाजों को गेंदबाजी किस तरह की जाये।

मुंबई के ऑफ स्पिनर हिमांशु सिंह भी हैं नेट्स का हिस्सा

मुंबई के ऑफ स्पिनर हिमांशु सिंह भी नेट्स का हिस्सा हैं। तमिलनाडु के बाएं हाथ के धीमे गेंदबाज एस अजीत राम ने भी नेट्स पर खूब पसीना बहाया। दूसरे दिन नेट्स पर तेज गेंदबाज आकाश दीप और यश दयाल ने बुमराह और सिराज की प्रमुख तेज गेंदबाज जोड़ी से ज्यादा गेंदबाजी की। एक महीने के ब्रेक के बाद अब सीनियर बल्लेबाज लय में आने की कोशिश कर रहे हैं।

रविवार को भारत पहुंचेगी बांग्लादेश की टीम

बांग्लादेश की टीम रविवार को चेन्नई पहुंचेगी। बांग्लादेश में अशांति और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को हटाए जाने के ठीक बाद आने वाले मेहमानों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होगी। दरअसल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के नए प्रमुख फारुख अहमद ने पिछले गुरुवार को ढाका में पत्रकारों से कहा कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) सचिव जय शाह ने उन्हें जरूरी सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article