IND vs BAN 2nd Test Day 1: भारत और बांग्लादेश के बीच मीरपुर (Dhaka) में गुरुवार से टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हुआ। इस मैच के पहले दिन बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और उनकी तरफ से सिर्फ मोमिनुल हक एकमात्र खिलाड़ी रहे जिनके बल्ले से अर्धशतक निकला। भारतीय गेंदबाजों ने पूरी बांग्लादेश पारी को 227 रन पर समेट दिया। भारत की तरफ से उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन चमके।
बांग्लादेश की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन गुरुवार को यहां पहली पारी में 73.5 ओवर में 227 रन पर सिमटी। बांग्लादेश के लिये मोमिनुल हक ने 84 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं सका।
इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पिछले मैच के हीरो कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को बाहर रखने का फैसला किया तो सब चौंक गए। उनकी जगह इस मैच में जयदेव उनादकट मैदान पर उतरे जिन्होंने 50 रन देकर 2 विकेट झटके।
वहीं, पारी में भारत के लिये असल स्टार्स रहे उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन जिन्होंने चार-चार विकेट हासिल किये। उमेश ने 25 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि अश्विन ने 71 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं, सिराज और अक्षर पटेल को कोई सफलता नहीं मिली।
