अहमदाबाद: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप 2023 का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में शनिवार को फाइनल से पहले हुए प्री-फोटोशूट में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने शिरकत की। अहमदाबाद से 130 किमी दूर पाटण स्थित 'रानी की वाव'में यह फोटोशूट हुआ। इस फोटोशूट के जरिए विश्व कप 2023 का विजेता भी तय हो गया।
खिताब जीते बाईं तरफ खड़े होने वाले कप्तान
संयोगवश पिछले तीन विश्व कप के फोटो शूट की तस्वीरों में जो खिलाड़ी बांई तरफ खड़ा है खिताबी जीत उसी टीम को मिली है। साल 2011 की तस्वीर में एमएस धोनी बांई और कुमार संगकारा दाहिनी तरफ खड़े हैं। इस विश्व कप में टीम इंडिया विजयी हुई थी। साल 2015 की प्री-फाइनल वाली तस्वीर में बांई तरफ कंगारू कप्तान माइकल क्लार्क और दाहिनी तरफ कीवी कप्तान बैंडन मैकुलम खड़े हैं। इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम विजयी हुई थी। वहीं साल 2019 विश्व कप के प्री-फाइनल शूट में बाईं तरफ इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन और दाहिनी तरफ केन विलियमसन खड़े हैं। ऐसे में खिताबी जीत इंग्लैंड को मिली थी।
ऐसा ही इस बार के फोटो शूट में हुआ है। रानी की वाव में आयोजित फोटोशूट में बांई तरफ टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और दाहिनी तरफ कंगारू कप्तान पैट कमिंस खड़े हैं। ऐसे में चले आ रहे ट्रेंड के मुताबिक भारतीय टीम 13वें विश्व की चैंपियन बनने जा रही है।
एक हजार साल पुरानी है बावड़ी
रानी की वाव यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज साइट की सूची में शामिल है। साल 2014 में इसे यूनेस्को के विश्व विरासत स्थल की सूची में शामिल किया गया था। इस सात मंजिला बावड़ी का निर्माण 1022 से 1063 ईसवी के बीच हुआ। तत्कालीन राजवंश की रानी उदयमति ने पति भीमदेव की याद में इसका निर्माण करवाया था। यह बहुमूल्य धरोहर सात शताब्दियों तक गाद में दबी रही। इसके बाद भारतीय सर्वेक्षण विभाग(एएलआई) ने इसे खोजा और अनूठे ढंग से संरक्षित किया।
