क्रिकेट

India Schedule Under 19 World Cup 2026: अब वर्ल्ड कप में एक्शन में होंगे वैभव सूर्यवंशी, जानें कब-कब है भारतीय टीम के मुकाबले

India Schedule Under 19 World Cup 2026: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आगामी 15 जनवरी से होने जा रही है। इस बार 16 टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी। फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाएगा। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला यूएसए के साथ खेलेगी।

Image

अंडर-19 भारतीय टीम का कार्यक्रम (साभार-BCCI)

India Schedule Under 19 World Cup 2026: अंडर-19 विश्व कप की शुरुआत 15 जनवरी से हो रही है जो 6 फरवरी तक खेली जाएगी। इस बार यह वर्ल्ड कप जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। विश्व कप 2026 में 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम यूएसए, बांग्लादेश, और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप ए में है। आइए जानते हैं कि भारतीय टीम के मैच कब और कहां खेले जाएंगे। अंडर-19 विश्व कप के पहले दिन ही (15 जनवरी) भारत का मुकाबला यूएसए के साथ है। मैच क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो, जिम्बाब्वे में भारतीय समयानुसार 1 बजे से शुरू होगा।

भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा। ये मैच भी क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो, जिम्बाब्वे में ही भारतीय समयानुसार 1 बजे से खेला जाएगा। भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है। भारतीय टीम का लीग स्टेज का तीसरा मुकाबला 24 जनवरी को बुलावायो में ही खेला जाएगा। यह मैच भी भारतीय समयानुसार 1 बजे ही शुरू होगा। ग्रुप की शीर्ष दो टीम अगले स्टेज के लिए क्वालिफाई करेगी।

अन्य ग्रुप पर नजर डालें तो ग्रुप बी में पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, जिंबाब्वे और इंग्लैंड हैं। ग्रुप सी में ऑस्ट्रेलिया, जापान, आयरलैंड और श्रीलंका हैं। ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज हैं।

भारत है इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम

अंडर-19 विश्व कप 2026, विश्व कप का 16वां संस्करण है। पिछले 15 संस्करणों में भारतीय टीम सबसे सफल टीम बनकर उभरी है। भारतीय टीम 5 बार चैंपियन रही है। ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार ये खिताब जीता है। पाकिस्तान 2 बार चैंपियन रही है। इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश भी एक-एक बार चैंपियन रह चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा विजेता है। 2024 में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर खिताब जीता था।

वैभव सूर्यवंशी पर होगी नजर

इस विश्व कप में भारतीय टीम के जिस बल्लेबाज के प्रदर्शन पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहने वाली है, वो बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। साल 2025 में आईपीएल, भारत की अंडर-19 और अपनी घरेलू टीम बिहार के लिए खेलते हुए वैभव ने रनों का अंबार लगाया है। देखना होगा विश्व कप जैसे मेगा इवेंट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।

अंडर-19 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम

आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article