क्रिकेट

IND vs BAN Test Series: भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए इस दिन हो सकता है टीम इंडिया का ऐलान

IND vs BAN Test Series 2024: भारत और बांग्लादेश के बीच जल्द ही टेस्ट सीरीज का आयोजन होने वाला है। भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। बांग्लादेश का अभ्यास सत्र चेपॉक पर ही 15 सितंबर से शुरू होगा। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कब होगा, आइए जानते हैं।

Image

भारतीय टेस्ट टीम (BCCI/X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज 2024
  • बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए जल्द बैठेंगे चयनकर्ता
  • दलीप ट्रॉफी के पहले राउंड के बाद टीम का ऐलान संभव

भारतीय टेस्ट टीम का अभ्यास सत्र चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 12 सितंबर से शुरू होगा। भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। बांग्लादेश का अभ्यास सत्र चेपॉक पर ही 15 सितंबर से शुरू होगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ के लिए अभी तक टीम की घोषणा नहीं की है। यह घोषणा दलीप ट्रॉफ़ी के पहले दौर के बाद होने की संभावना है, जो 5 से 8 सितंबर तक बेंगलुरु और अनंतपुर में प्रस्तावित है। यानी 9 सितंबर को टीम इंडिया का ऐलान संभव है।

दलीप ट्रॉफ़ी में शुभमन गिल, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, आकाश दीप, यशस्वी जयसवाल, सरफराज़ खान, ऋषभ पंत, मुकेश कुमार, श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह और केएस भरत समेत अन्य खिलाड़ी खेलते नज़र आएंगे।

इनके अलावा कई और ऐसे खिलाड़ी हैं जो दलीप ट्रॉफ़ी के ज़रिए टीम इंडिया में आने की अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इनमें देवदत्त पड़िक्कल, रजत पाटीदार, यश दयाल, बी साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

बांग्लादेश के ख़िलाफ़ भारत दो मैचों के साथ,अपने लंबे टेस्ट सीज़न की शुरुआत करने के लिए तैयार है, जो विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्लूटीसी ) 2023-25 का हिस्सा है। चेन्नई में पहला टेस्ट होगा जबकि कानपुर में दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। इसके बाद भारत और बांग्लादेश को तीन मैचों की टी20 सीरीज़ भी खेलना है जिसका समापन 12 अक्तूबर को होगा। इसके बाद, भारत पांच सफेद गेंद मैचों के लिए दक्षिण अफ़्रीका जाने से पहले घरेलू मैदान पर न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीन टेस्ट खेलेगा और फिर साल के अंत में पांच टेस्ट मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगा।

भारत की पिछली टेस्ट सीरीज़ इसी साल इंग्लैंड के ख़िलाफ़ थी, जहां रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 4-1 से सीरीज़ अपने नाम की थी। उसके बाद से आईपीएल और फिर टी20 विश्व कप में भारतीय खिलाड़ी व्यस्त थे, जहां टीम इंडिया विश्व विजेता बनी। हालांकि उसके बाद सफ़ेद गेंद सीरीज़ में भारत ने ज़िम्बाब्वे और श्रीलंका का दौरा किया था।

दूसरी तरफ़ बांग्लादेश की टीम आत्मविश्वास से लबरेज़ है क्योंकि अभी-अभी उन्होंने पाकिस्तान को उन्हीं के घर में जाकर 2-0 हराया है। पाकिस्तान का सूपड़ा साफ़ करने के बाद बांग्लादेश 45.83 प्रतिशत अंकों के साथ डब्लूटीसी तालिका में चौथे नंबर पर पहुंचा गया है। जबकि भारत 68.52 प्रतिशत अंकों के साथ उस तालिका में शीर्ष पर है और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ श्रृंखला में अपनी स्थिति मज़बूत करने के इरादे से उतरेगा।

(IANS)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article