क्रिकेट

IND vs NZ ODI Series: क्या ऋषभ पंत को मौका दिये बिना वनडे टीम से बाहर करेंगे चयनकर्ता? ईशान किशन की होगी वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए चयनसमिति की बैठक में ऋषभ पंत को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा होगी। शुभमन गिल की वनडे टीम में बतौर कप्तान वापसी तय है।

Image

ऋषभ पंत और विराट कोहली (फोटो क्रेडिट Rishabh Pant X)

नई दिल्ली: ऋषभ पंत विजय हजारे ट्रॉफी के चार मैचों में भले ही एक अर्धशतक जमा सके हों लेकिन पिछले 18 महीने में एक भी वनडे खेलने का मौका दिये बिना अगर उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी श्रृंखला से बाहर किया गया तो अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति की यह ज्यादती होगी। भारतीय चयनकर्ता न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिये टीम की घोषणा करेंगे और इसे लेकर काफी अटकलें हें कि पंत टीम में रहेंगे या नहीं।

वनडे टीम में पंत की जगह पर उठ रहे हैं सवाल

यह किसी से छिपा नहीं है कि भारतीय टीम प्रबंधन में कम से कम एक सदस्य को तो पंत का ‘अधिक जोखम से अधिक फायदा’ वाला रवैया पसंद नहीं है और वह चाहते हैं कि बल्लेबाजी में पंत पारंपरिक रवैया अपनाये। लेकिन दूसरा मौका दिये बिना पंत को बाहर करने से कई सवाल खड़े होंगे। पंत ने 2025 में एक भी वनडे नहीं खेला हालांकि वह चैम्पियंस ट्रॉफी टीम और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले महीने वनडे टीम का हिस्सा थे। सलामी बल्लेबाज रूतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर आजमाया गया और तीनों मैचों में पंत बाहर रहे।

पंत ने अबतक खेले हैं 31 वनडे

पंत ने 2018 में पदार्पण के बाद से सिर्फ 31 वनडे खेले हैं । उन्होंने 30 जून 2019 से 14 जनवरी 2020 के बीच में 11 वनडे खेले। फिर कोविड के बाद उन्होंने 26 मार्च 2021 से 30 नवंबर 2022 तक 15 वनडे खेले और एक शतक, दो बार 75 से अधिक रन और एक 85 रन की पारी खेली। इसके बाद वह भयावह कार दुर्घटना का शिकार हो गए। फिर 2024 में वापसी के बाद से उन्होंने कोलंबो में एकमात्र वनडे खेला। विजय हजारे ट्रॉफी के चार मैचों में वह एक ही में 70 रन बना सके। वहीं ईशान किशन ने झारखंड के लिये कर्नाटक के खिलाफ पहले ही मैच में 14 छक्के लगाये। ध्रुव जुरेल ने भी उत्तर प्रदेश के लिये शतक जमाया और वह पिछली वनडे श्रृंखला में भारतीय टीम में थे।

टीम में नहीं हो सकते हैं तीन विकेटकीपर

पंद्रह सदस्यीय टीम में तीन विकेटकीपर तो नहीं हो सकते और बल्लेबाज विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद केएल राहुल ही हैं। अब देखना यह होगा कि क्या पंत या जुरेल की जगह ईशान टीम में आते हैं। देवदत्त पडिक्कल के नाम पर भी विचार होगा जिन्होंने 37 मैचों में 92 से अधिक की औसत से रन बनाये हैं। लेकिन कप्तान शुभमन गिल की वापसी और दूसरे छोर पर रोहित शर्मा की मौजूदगी के अलावा पिछले वनडे में शतक जमाने वाले यशस्वी जायसवाल के रहते हुए पडिक्कल को जगह मिलना मुश्किल लग रहा है।

बुमराह और पांड्या को आराम दिया जाना है तय

गेंदबाजी में टी20 विश्व कप को देखते हुए जसप्रीत बुमराह और हरफनमौला हार्दिक पांड्या को वनडे से आराम दिया जाना तय है। हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह पर विचार किया जा सकता है । मोहम्मद शमी की वापसी की भी अटकलें हैं जबकि स्पिन में रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव का खेलना तय है ।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article