क्रिकेट

Happy B'Day Shubman Gill: 27 वर्ष के हुए कप्तान शुभमन गिल, युवा बल्लेबाज से कप्तान बनने तक का शानदार सफर

Shubman Gill Birthday: टीम इंडिया के टेस्ट व वनडे कप्तान शुभमन गिल आज पूरे 27 साल के हो गए हैं। आज अपना जन्मदिन मना रहे गिल ने भारतीय क्रिकेट में अंडर-19 टीम से पहचान हासिल की और फिर राष्ट्रीय टीम में एक शानदार बल्लेबाज से लेकर एक बेमिसाल कप्तान बनने तक का सफर तय किया है।

Image

शुभमन गिल का आज 27वां जन्मदिन (Instagram/Shubmangill)

भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) आज 27 वर्ष के हो गए हैं। यह अवसर उनके लिए केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि एक होनहार युवा प्रतिभा से भारतीय क्रिकेट टीम के एक परिपक्व और भरोसेमंद लीडर बनने के सफर का एक नया अध्याय भी है। 8 सितंबर 1999 को पंजाब के फाजिल्का जिले में जन्मे शुभमन गिल ने बेहद कम समय में तीनों फॉर्मेट में निरंतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ के रूप में खुद को स्थापित किया है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप से मिला पहला मुकाम

शुभमन गिल पहली बार 2018 के अंडर-19 विश्व कप में सुर्खियों में आए, जहां उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए। इसके बाद उन्होंने घरेलू स्तर और राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की करने में देर नहीं लगाई।

रिकॉर्ड्स की शुरुआत

टीम इंडिया में आने के बाद गिल ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और देखते-देखते रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाना शुरू कर दी। वनडे प्रारूप में गिल का दबदबा देखते ही बनता है। वो वनडे इतिहास में सबसे तेज 2,000 और 2,500 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इतना ही नहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ 149 गेंदों पर 208 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर वो 50 ओवर के फॉर्मेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी भी बने।

ऐतिहासिक टेस्ट डेब्यू और गाबा की यादगार पारी

गिल ने 2019 में वनडे डेब्यू किया था, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी खास छाप छोड़ी। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में डेब्यू पर 45 और 35 रनों की संयमित पारियों के बाद, सिडनी में अर्धशतक और फिर गाबा टेस्ट की चौथी पारी में 91 रनों की आक्रामक पारी खेलकर उन्होंने भारत को ऐतिहासिक सीरीज जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई।

कप्तानी का नया दौर और ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स

साल 2025 में रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया। अपनी कप्तानी के पहले ही बड़े इम्तिहान में वो इंग्लैंड के दौरे पर पहुंचे और जमकर धमाल मचाया, उस टूर पर उन्होंने बल्ले से रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया।

- गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में 75.40 की औसत से 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक और 269 रनों का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल था।

- किसी एक टेस्ट सीरीज में कप्तान के तौर पर ये इतिहास का दूसरा सबसे ज्यादा स्कोर साबित हुआ। वो सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के महान सर डॉन ब्रैडमैन (810 रन, एशेज सीरीज 1936-37) से पीछे हैं।

- शुभमन की कप्तानी में भारत ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की।

आईपीएल की बात करें तो इस लीग में भी उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी संभालते हुए 2025 सीजन में 650 रन और 2026 सीजन में शानदार 732 रन बनाकर शीर्ष बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाए रखी।

अंतरराष्ट्रीय करियर में गिल के आंकड़े

टेस्ट- 43 मैच, 3,043 रन, 43.47 औसत, 11 शतक, 9 अर्धशतक, सर्वाधिक स्कोर 269 रन

वनडे- 67 मैच, 3,379 रन, 60.33 औसत, 9 शतक, 20 अर्धशतक, सर्वाधिक स्कोर 208 रन

टी20 अंतरराष्ट्रीय- 36 मैच, 869 रन, 28.03 औसत, 138.59 स्ट्राइक रेट, 1 शतक, 3 अर्धशतक, सर्वाधिक स्कोर नाबाद 126 रन

शुभमन गिल ने अपनी तकनीकी दक्षता, धैर्य और आक्रामक रवैये के दम पर भारतीय क्रिकेट के एक नए युग का नेतृत्व करना शुरू कर दिया है। 27वें जन्मदिन के इस खास मौके पर क्रिकेट जगत इस युवा कप्तान के उज्जवल और सफल भविष्य की कामना कर रहा है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article