क्रिकेट

रवि शास्त्री ने बताया विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में हार का 'शिखर' कनेक्शन

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 17, 2023, 09:26 PM IST

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने शिखर धवन की लगातार हो रही अनदेखी को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसके अलावा उन्होंने बताया है कि भारतीय टीम को साल 2019 के विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी कमी खली थी।

Image

शिखर धवन (साभार BCCI)

नई दिल्ली: भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर से विश्व कप का आयोजन हो रहा है। चार साल में होने वाले इस टूर्नामेंट के आगाज में अब 50 दिन से भी कम का वक्त बचा है। सभी टीमें अपनी टीम और तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। लेकिन भारतीय टीम की स्थिति थोड़ी अलग है। अबतक निश्चित तौर पर यह नहीं कहा जा सकता है कि टीम इंडिया में ये खिलाड़ी विश्व कप की टीम में होंगे। खिलाड़ियों को आजमाने की सिलसिला बदस्तूर जारी है।

धवन को मिलना चाहिए जो श्रेय वो नहीं मिला

इस दौरान कई सीनियर खिलाड़ियों युवा खिलाड़ियों को उदय और उभार के बीच अनुभवी शिखर धवन को लगातार नजर अंदाज किया जा रहा है। धवन आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की अहम कड़ी रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने धवन को नजरअंदाज किए जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। शास्त्री ने कहा कि शिखर धवन को जो श्रेय मिलना चाहिए वो लोग उन्हें नहीं देते हैं। वो एक अद्भुत खिलाड़ी हैं। हमें साल 2019 के विश्व कप के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उस मैच में उनकी कमी हमें बहुत खली थी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय पारी के दौरान हो गए थे चोटिल

साल 2019 के विश्व कप के दौरान शिखर धवन के हाथ का अंगूठा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान फ्रैक्चर हो गया था। पैट कमिंस की गेंद पर अंगूठा फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्होंने 109 गेंद में 117 रन की पारी खेली थी और टीम को 352 रन के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की थी। शास्त्री ने आगे कहा, टॉप ऑर्डर में एक बांए हाथ के बल्लेबाज के होने से आपको मदद मिलती है। जब गेंद स्विंग होती है तो दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए वो अंदर आती है जबकि बांए हाथ के बल्लेबाज के लिए बाहर जाती है। ऐसे में बांए हाथ के बल्लेबाज के लिए रन बनाना आसान हो जाता है।

एशिया कप के लिए टीम में नहीं किया शामिल

माना जा रहा था कि शिखर धवन को एशियाई खेलों के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया जाएगा। लेकिन युवा खिलाड़ियों से सजी टीम में उन्हें शामिल नहीं किया गया। रुतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया। ऐसे में बोर्ड के इस फैसले पर धवन ने खुद भी हैरानी जताई थी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article