क्रिकेट

99 All-Out, RECORD: दक्षिण अफ्रीका को 99 रन पर समेटकर भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 11, 2022, 05:16 PM IST

India vs South Africa 3rd ODI, Lowest total of South Africa against India: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम को भारत के खिलाफ अपने सबसे शर्मनाक वनडे प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका को भारत ने 99 रन के स्कोर पर समेट दिया।

Image

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 99 रन पर समेटा (AP)

South Africa's lowest ODI total against India, IND vs SA 3rd ODI: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दिल्ली में खेले गए तीसरे व निर्णायक वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह से ध्वस्त करने का काम किया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और उनका ये फैसला सटीक साबित हुआ। बस फर्क इतना रहा कि तेज गेंदबाजों से उम्मीद की जा रही थी, लेकिन स्पिनर्स ने यहां पर कमाल कर दिखाया और दक्षिण अफ्रीकी टीम को 100 रन भी नहीं बनाने दिए।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहला झटका क्विंटन डी कॉक (6) के रूप में लगा जो तीसरे ओवर में सिराज की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम के ढेर होने का सिलसिला लगातार जारी रहा। बीच में हेनरिच क्लासेन ने 34 रन की पारी खेलकर कुछ देर तक टिकने का प्रयास जरूर किया लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने उनका साथ नहीं दिया।

इसके साथ ही देखते-देखते दक्षिण अफ्रीका के सभी विकेट 99 रन के अंदर गिर गए। उनकी टीम की तरफ से सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके और इस तरह से दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भारत के खिलाफ अपना सबसे कम वनडे स्कोर दर्ज करने का शर्मनाक रिकॉर्ड बना डाला। आइए जानते हैं कि भारत के खिलाफ इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की टॉप-3 सबसे कम स्कोर कौन से रहे हैं..

1. भारत के खिलाफ द.अफ्रीका 99 ऑलआउट - 2022 (दिल्ली)

2. भारत के खिलाफ द.अफ्रीका 117 ऑलआउट - 1999 (नैरोबी, केन्या)

3. भारत के खिलाफ द.अफ्रीका 118 ऑलआउट - 2018 (सेंचुरियन, द.अफ्रीका)

वैसे इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को एक बार ढाका में 154 रन पर और मेलबर्न में वनडे खेलते हुए 177 रन पर भी ऑलआउट किया है। वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का सबसे छोटा स्कोर 69 रन का है जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 1993 में बना था।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article