क्रिकेट

IND vs ZIM 2nd T20I: सुनील जोशी ने बताया, रवि बिश्नोई ने अपनी गेंदबाजी में किया है क्या बदलाव?

जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने बताया है कि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अपनी टीम में किए हैं कौन से बदलाव किए हैं।

Image

रवि बिश्नोई

Photo : AP

हरारे: भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने कहा कि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अपने 'रन-अप' में हल्का बदलाव किया है जिससे उन्हें हाल में इंग्लैंड के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी लय वापस पाने में मदद मिली। बिश्नोई ने गुरुवार को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। यह प्रदर्शन इसी महीने मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ उनके चार ओवर में 60 रन बिना विकेट वाले प्रदर्शन से कहीं बेहतर रहा।

इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मुकाबले में बिश्नोई के एक ओवर में 29 रन बनाए थे। जोशी ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'यह जीत हमारे लिए बेहद जरूरी थी और मुझे गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी खुशी है। बिश्नोई ने अपनी गेंदबाजी एक्शन में कोई बदलाव नहीं किया है। उन्होंने अपने ’रन-अप’ को थोड़ा व्यवस्थित किया है। हमने स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले से भी इस बारे में चर्चा की। उनसे अच्छी बातचीत हुई।'

जोशी ने कहा कि हरफनमौला खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे प्रतिभाशाली हैं और उन्हें टीम में अपनी जगह मजबूत करने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा,'सूर्यांश भारतीय टीम में अपनी जगह बना रहे हैं। हार्दिक पंड्या ने अपनी जगह बनाई है। शिवम दुबे ने भी बनाई है। सूर्यांश उभरती हुई प्रतिभा हैं और हमें उनके साथ निरंतर बने रहना होगा।'

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में नियमित गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल की अनुपस्थिति में जोशी यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पूर्व भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर जोशी ने तेज गेंदबाज मयंक यादव और अशोक शर्मा के प्रदर्शन की भी सराहना की। जोशी ने कहा,'बहुत खुशी की बात है कि मयंक चोट से उबरकर काफी मजबूत वापसी कर चुके हैं। उनकी लय शानदार रही है। अशोक ने भी श्रीलंका में भारत ए दौरे पर अपना प्रभावित किया।'

जब जोशी से पूछा गया कि अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी को भविष्य में कामचलाऊ गेंदबाज के रूप में इस्तेमाल करने की योजना है तो उन्होंने कहा,'तीनों अच्छे गेंदबाज और ऑलराउंडर हैं। अभिषेक ने अपनी गेंदबाजी में काफी सुधार किया है। कोच हमेशा चाहते हैं कि वह हर बार और बेहतर हों। हर्ष दुबे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। तिलक वर्मा भी हमारे लिए एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प हैं। हम उनसे इस बात पर चर्चा करते हैं कि ज्यादा रन नहीं दें और अधिक डॉट गेंदें डालें।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article