IND vs NED: पाकिस्तान को हराकर पहले ही सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी टीम इंडिया अब बुधवार को अपना आखिरी लीग मुकाबला खेलेगी। भारत के सामने नीदरलैंड की टीम होगी जिसने पाकिस्तान के नाक में दम कर दिया था। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि टीम इंडिया अपने कुछ सीनियर खिलाड़ियों को इस मुकाबले में आराम दे, लेकिन टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ऐसा नहीं सोचते। मैच की पूर्व संध्या पर उन्होंने प्लेइंग इलेवन को लेकर कुछ संकेत दिए। कोटक ने न केवल अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर बात की बल्कि जसप्रीत बुमराह के खेलने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने मंगलवार को कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप ए के आखिरी मैच में विश्राम नहीं दिया जायेगा। पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को हुए मुकाबले में बुमराह ने सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेजा था। एक ही ओवर में दो विकेट लेकर बुमराह ने पावरप्ले में ही पााकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी, जिससे भारत ने 61 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया था। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली थी।
मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कोटक ने कहा ,’’ मुझे नहीं लगता कि बुमराह को आराम दिया जायेगा। इसके बारे में बाद में फैसला लेंगे।’’ अभिषेक शर्मा की फिटनेस के बारे में उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया । अभिषेक पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल सके थे लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ शून्य पर आउट हो गए। कोटक ने कहा ,’’उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। पिछले मैच में वह पहले ओवर में आउट हो गया। हम ज्यादा विश्लेषण नहीं करना चाहते। अब वह ठीक है।’’
उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा ,’’ वह अपने शुरुआती दिनों से ही आत्मविश्वास से भरपूर हैं। इससे टी20 क्रिकेट में मदद मिलती है। विश्व कप शुरू होने के बाद से हमने देखा है कि कोई भी टीम किसी भी टीम को हरा सकती है और यही वजह है कि हर मैच अहम है।’’
नीदलरलैंड के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन (India Playing XI Against Netherlands)
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
