क्रिकेट

श्रीलंका ए के खिलाफ अनॉफीशियल टेस्ट में इंडिया ए की धमाकेदार शुरुआत, साई सुदर्शन जड़ा शतक

साई सुदर्शन के शानदार शतक और कप्तान ध्रुव जुरेल तथा शेख रशीद की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत इंडिया ए ने गुरुवार को श्रीलंका ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। ऐसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

Image

इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए (फोटो क्रेडिट BCCI X)

गॉल (श्रीलंका): सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के शानदार शतक और कप्तान ध्रुव जुरेल तथा शेख रशीद की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ए ने बृहस्पतिवार को श्रीलंका ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट श्रृंखला के पहले मैच के शुरुआती दिन चार विकेट पर 333 रन बनाकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ए को इस चार दिवसीय मैच में सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। उन्होंने 175 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 132 रन की शानदार पारी खेली। दिन के आखिरी में जुरेल (नाबाद 68) और रशीद (नाबाद 53) ने पांचवें विकेट के लिए 116 रन की अटूट साझेदारी कर श्रीलंका ए की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

सुदर्शन ने शुरुआत से ही दिखाया संयम और आक्रामकता

सुदर्शन ने शुरुआत से ही संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उन्होंने खराब गेंदों का पूरा फायदा उठाया और गेंदबाजों को आउट करने का कोई मौका नहीं दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने आयुष पांडे (25) के साथ पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दिलाई। सुदर्शन के आउट होने के बाद भी भारत ए की रनगति पर कोई असर नहीं पड़ा। जुरेल ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइक का अच्छा रोटेशन किया और ढीली गेंदों को सीमा रेखा के पार भेजा। वहीं रशीद ने तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ आत्मविश्वास दिखाया।

दिलुम सुदीरा ने श्रीलंका के लिए चटकाए दो विकेट

श्रीलंका ए की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 ओवर में 98 रन देकर दो विकेट हासिल किए। भारतीय बल्लेबाजों ने नियमित अंतराल पर साझेदारियां बनाकर मेजबान टीम के गेंदबाजों को दबाव बनाने का मौका नहीं दिया। देवदत्त पडिक्कल (12) और रुतुराज गायकवाड़ (22) बड़ी पारी खेलने में नाकम रहे। भारत ए अब दूसरे दिन अपनी मजबूत शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने का प्रयास करेगा। यह चार दिवसीय मुकाबला भारत ए के बहु-प्रारूप श्रीलंका दौरे का हिस्सा है ।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article