क्रिकेट

IND A vs AFG A Match Highlights: अफगानिस्तान-ए को पटखनी देकर इंडिया-ए ने की त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में एंट्री

इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को श्रीलंका की त्रिकोणीय सीरीज के अपने आखिरी लीग मुकाबले में 101 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर फाइनल में एंट्री कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

इंडिया ए क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

दाम्बुला: तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया-ए ने अफगानिस्तान ए को श्रीलंका की मेजबानी में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के अपने आखिरी लीग मुकाबले में 101 रन के अंतर से पटखनी देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा, प्रियांश आर्य और कुमार कुशाग्र के अर्धशतकों की मदद से नौ विकेट पर 319 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 320 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानी टीम को 36.5 ओवर में 218 रन पर ढेर करके मुकाबला अपने नाम कर लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

तिलक, कुशाग्र और प्रियांश ने जड़े अर्धशतक

इंडिया ए ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ त्रिकोणीय एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुएनौ विकेट पर 319 रन बनाये। तिलक वर्मा ने 59, कुमार कुशाग्र ने 58 और प्रियांश आर्य 58 ने दाम्बुला की सपाट पिच पर उपयोगी पारियां खेली। वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 28 गेंद में 38 रन बनाये और पहले विकेट के लिये आर्य के साथ आठ ओवर में 75 रन की साझेदारी की। सूर्यवंशी ने कवर्स में कुछ अच्छे शॉट लगाये और दो छक्के भी जड़े लेकिन तेज गेंदबाज फरीदून दाउदजइ के ऑफ स्टम्प के बाहर पड़े बाउंसर पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठे।

इंडिया-ए ने बनाए 9 विकेट पर 319 रन

आर्य ने 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन फरमानुल्लाह को स्क्वेयर कट लगाने के प्रयास में प्वाइंट पर शम्स उर रहमान को कैच थमा दिया। इसके साथ ही भारत ए का रनरेट प्रति ओवर आठ से गिरकर छह के करीब हो गया। विकेट धीरे धीरे धीमा होने लगा जिससे तिलक और रूतुराज गायकवाड़ (30) को रन बनाने में दिक्कतें आई । गायकवाड़ ने अब्दुल्लाह अहमदजइ की गेंद पर विकेटकीपर मोहम्मद ईशाक को कैच थमा दिया। तिलक ने 67 गेंद में और कुशाग्र ने 60 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और दोनों ने चौथे विकेट के लिये 104 रन जोड़े। कुशाग्र को दाउदजइ ने और तिलक को अहमदजइ ने पवेलियन भेजा। विपराज निगम ने बाद में 20 गेंद में 30 रन बनाकर भारत को 300 रन के पार पहुंचाया।

218 रन पर ढेर हुआ अफगानिस्तान

जीत के लिए 320 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए के बल्लेबाजों को इंडिया-ए के गेंदबाजों ने पिच पर पैर नहीं जमाने दिए। 70 रन पर अफगानिस्तान ने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद फैजल सिंजोजदा और बरीश शाह ने पारी को संभाला और अफगानिस्तान को 157 रन तक ले गए। लेकिन सिंजोजदा के 46(56) रन बनाकर आउट होने के बाद एक बार फिर विकटों की झड़ा लग गई। बशीर शाह ने 57 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान की पूरी टीम 36.5 ओवर में 218 रन पर ढेर हो गई। इंडिया ए के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट निशांत सिंधू ने लिए। वहीं 2 विकेट यश ठाकुर ने अपने नाम किए। एक-एक सफलता अंशुल कंबोज, विपराज निगम, सूर्यांश शेडगे और अनुकूल रॉय की झोली में गए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article