क्रिकेट

IND vs ZIM: दूसरे मैच में बांह पर काली पट्टी बांधकर क्यों खेले भारतीय खिलाड़ी

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को घोषणा की कि बोर्ड के वाइस चेयरमैन श्री सिल्वेस्टर मतशाका का हरारे के वेस्ट एंड क्लिनिक में संक्षिप्त बीमारी के बाद 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

Image

भारतीय खिलाड़ियों ने क्यों बांधी काली पट्टी (फोटो साभार- BCCI)

IND vs ZIM: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले का टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भारत और जिम्बाबवे के कप्तान जब टॉस के लिए आए तो दोनों की बांह में काली पट्टी बंधी थी। इसके अलावा दोनों टीम के खिलाड़ियों ने भी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधी थी। क्या आपको पता है कि दोनों टीम के खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर क्यों खेल रहे थे?

जिम्बाब्वे क्रिकेट के उपाध्यक्ष का निधन

इस भावुक पल के पीछे की वजह जिम्बाब्वे क्रिकेट के उपाध्यक्ष सिल्वेस्टर मतशाका का निधन था। जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को घोषणा की कि बोर्ड के वाइस चेयरमैन श्री सिल्वेस्टर मतशाका का हरारे के वेस्ट एंड क्लिनिक में संक्षिप्त बीमारी के बाद 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मतशाका 2006 में ZC बोर्ड से जुड़े थे और 2015 से वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने जिम्बाब्वे क्रिकेट के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में 20 साल तक संगठन की सेवा की। क्रिकेट से पहले वे शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक बड़ा नाम थे। उन्होंने सिविल सेवा में रहते हुए शिक्षा मंत्रालय में प्रांतीय शिक्षा निदेशक और बाद में खेल एवं संस्कृति के उप-निदेशक के पद पर काम किया। मार्लबोरो हाई स्कूल के प्रधानाचार्य और नेशनल एसोसिएशन ऑफ सेकेंडरी स्कूल हेड्स के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने स्कूलों में खेल को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई।

श्रद्धांजलि में काली पट्टी

उनके सम्मान में भारत और जिम्बाब्वे दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दूसरे टी20 में काली बांहपट्टी पहनकर खेला। यह खेल भावना से ऊपर उठकर इंसानियत और सम्मान का प्रतीक था। जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन तवेनगवा मुखुहलानी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “मतशाका एक ऐसे नेता थे जिनकी बुद्धिमत्ता, विनम्रता और अटूट प्रतिबद्धता ने संगठन और खेल पर अमिट छाप छोड़ी है।”

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article