क्रिकेट

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे को हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम बनी

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 159 रन ही बना पाई और गिल एंड कंपनी ने मुकाबला 23 रन से जीत लिया।

Image

भारत बनाम जिम्बाब्वे (साभार-BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • टीम इंडिया ने जीता तीसरा टी20 मुकाबला
  • जिम्बाब्वे को 23 रन से हराकर सीरीज में ली 2-1 की बढ़त
  • क्रिकेट के इस फॉर्मेट में टीम की यह 150वीं जीत

IND vs ZIM: भारत ने तीसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 23 रन से हरा दिया। जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 183 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। भारत की ओर से ऑफ स्पिनर सुंदर (15 रन पर तीन विकेट लिए और अपने टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। सुंदर के अलावा आवेश खान ने 39 रन देकर दो जबकि खलील अहमद ने 15 रन देकर एक विकेट चटकाया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 5 मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इतना ही नहीं इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने क्रिकेट के इस फॉर्मेट में इतिहास रच दिया।

टीम इंडिया ने रचा इतिहास

जिम्बाब्वे के खिलाफ इस जीत के साथ भारत ने टी20 इतिहास में अपनी 150वीं जीत दर्ज की। इस प्रकार वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 150 मैच जीतने वाली इतिहास की पहली टीम बन गई। टी-20 में सबसे ज्यादा जीत करने की सूची में 142 जीत के साथ पाकिस्तान दूसरे नंबर पर है।

T20I क्रिकेट में सर्वाधिक जीत

भारत- 150

पाकिस्तान- 142

न्यूज़ीलैंड-111

ऑस्ट्रेलिया- 105

दक्षिण अफ्रीका- 104

जिम्बाब्वे दौरे से पहले टीम इंडिया

जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया 148 जीत के साथ हरारे पहुंची थी। पहले मुकाबले में उसे 13 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार ने टीम के प्रदर्शन पर कई तरह के सवाल उठाए थे। लेकिन जल्द ही गिल एंड कंपनी ने वापसी की और दूसरे मुकाबले में वर्ल्ड चैंपियन सरीखे खेल दिखाकर जिम्बाब्वे को 100 रन से हरा दिया। यह टीम इंडिया की 149वीं जीत थी। तीसरे मुकाबले में टीम के लिए इतिहास रचने का मौका था। यही कारण था कि टीम ने अपना परफेक्ट प्लेइंग इलेवन उतारा। तीसरे टी20 मैच में टीम तीन बदलाव के साथ उतरी।

इस टीम में शिवम दुबे, संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल को मौका मिला। इसका फायदा टीम को मिला और पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने 4 विकेट के नुकसान पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 159 रन ही बना पाई और टीम इंडिया ने 23 रन से मुकाबला जीतकर अपनी 150वीं टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत हासिल कर ली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article