Gautam Gambhir Reach Team India Dressing Room: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने हाल ही में समाप्त हुए दूसरे टेस्ट मैच के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें उनके संघर्ष के लिए प्रेरित किया। गंभीर का मानना है कि भले ही इस समय कैरेबियाई क्रिकेट अपने सबसे निचले स्तर पर हो, लेकिन मौजूदा खिलाड़ियों का "उद्देश्य" अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करना है। उन्होंने वेस्टइंडीज टीम को फिरोजशाह कोटला में खेले गए दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में दिखाए गए धैर्य को दोहराने के लिए प्रोत्साहित किया।
निराशा के बाद संघर्ष की झलक
अहमदाबाद और नई दिल्ली में तीन निराशाजनक पारियों (162, 146 और 248) के बाद, वेस्टइंडीज ने दो मैचों की श्रृंखला की अपनी अंतिम पारी में कुछ हद तक धैर्य और दृढ़ता का प्रदर्शन किया। टीम 390 रन बनाने में सफल रही और पारी की हार से बचने के साथ-साथ मैच को पांचवें दिन तक खींचने में कामयाब रही। भारत ने यह मैच सात विकेट से जीता था। मैच के बाद वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने गंभीर को मेहमान ड्रेसिंग रूम में आकर खिलाड़ियों से बात करने के लिए आमंत्रित किया।
'उद्देश्य हमेशा लगाव से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है'
बीसीसीआई द्वारा जारी एक वीडियो में, गंभीर ने कहा, "जब मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करता हूं, तो कई टीमें इसलिए खेलती हैं क्योंकि उन्हें खेल से प्यार है, और बहुत कम टीमें हैं जिनके पास वेस्टइंडीज की तरह इस खेल को खेलने का एक उद्देश्य है।"गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को उनके उद्देश्य की याद दिलाते हुए कहा, "आपके पास एक उद्देश्य है और उद्देश्य हमेशा प्यार तथा लगाव से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। जब मैं आप लोगों को देखता हूं, तो मुझे लगता है कि आप वेस्टइंडीज क्रिकेट की अगली पीढ़ी को प्रेरित कर सकते हैं।"
मुश्किलों के बावजूद हौसला बनाए रखने की अपील
भारत के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने वेस्टइंडीज क्रिकेट को मैदान के अंदर और बाहर की मुश्किलों को स्वीकार किया, लेकिन मेहमान टीम से अपने लक्ष्य से भटके बिना अपना हौसला बनाए रखने का आग्रह किया।उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि मेरे लिए यहां खड़े होकर प्रदर्शन के बारे में बात करना आसान है, लेकिन मुझे लगता है कि आपको अपनी दूसरी पारी से प्रेरणा लेनी चाहिए। आपके पास खेलने और अगली पीढ़ी को प्रेरित करने का एक बहुत बड़ा उद्देश्य है।" गंभीर ने आगे कहा कि घर पर आने वाली चुनौतियों और मुश्किलों के बावजूद खिलाड़ियों के चेहरे पर मुस्कान, कड़ी मेहनत और देश के लिए खेलने का प्रयास, वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
विश्व क्रिकेट को वेस्टइंडीज की जरूरत है: गंभीर
गौतम गंभीर ने इस बात पर जोर दिया कि विश्व क्रिकेट को एक मजबूत वेस्टइंडीज टेस्ट टीम की आवश्यकता है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण बात कही जिस पर वह हमेशा से विश्वास करते आए हैं।उन्होंने कहा, "मैं एक बात कहना चाहता हूं और यह वो बात है जिस पर मेरा हमेशा से विश्वास रहा है। आपको लग सकता है कि मैं इसे यूं ही कह रहा हूं, लेकिन यह सीधे दिल से है। वेस्टइंडीज क्रिकेट को विश्व क्रिकेट की जरूरत नहीं है बल्कि विश्व क्रिकेट को वेस्टइंडीज क्रिकेट की जरूरत है।" गंभीर ने खिलाड़ियों से अपनी जर्सी के महत्व को याद रखने को कहा और बताया कि उनके पास कुछ खास करने का मौका है जो टी20 प्रारूप खेलने वाले ज्यादातर खिलाड़ियों को नहीं मिलता है।
