क्रिकेट

IND vs WI 1st Test Pitch Report, Weather: भारत-वेस्टइंडीज पहले टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का पूरा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jul 12, 2023, 03:58 PM IST

IND vs WI (India vs West Indies) 1st Test Pitch Report and Dominica Weather Forecast Today Match: आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज का पहला टेस्ट मैच शुरू होगा। ये टेस्ट मैच डोमिनिका के विंडसर पार्क में खेला जाएगा। आइए जानते हैं कि कैसी रहेगी पिच रिपोर्ट और डोमिनिका के मौसम का पूरा हाल।

Image

भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला टेस्ट पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-वेस्टइंडीज पहला टेस्ट मैच
  • आज से डोमिनिका में शुरू होगी टक्कर
  • रोहित शर्मा और क्रेग ब्रेथवेट करेंगी टीमों की अगुवाई

IND vs WI (India vs West Indies) 1st Test Pitch Report and Dominica Weather Forecast Today Match: टीम इंडिया और मेजबान वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच आज से दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुरू होने जा रहा। भारतीय समय के मुताबिक ये मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। इस द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की कमान जहां रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के हाथों में है, वहीं कैरेबियाई टीम के कप्तान होंगे क्रेग ब्रेथवेट (Kraigg Brathwaite)। ये मुकाबला डोमिनिका (Dominica) के विंडसर पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत और वेस्टइंडीज (India vs West Indies) के बीच बुधवार से डोमिनिका में शुरू होने जा रहा टेस्ट मैच दोनों देशों के बीच इनके टेस्ट इतिहास का 99वां टेस्ट मैच है। जबकि वेस्टइंडीज की जमीन पर दोनों देशों के बीच ये 52वां टेस्ट मैच होगा। एक तरफ हैं टीम इंडिया जो स्टार्स से सजी हुई है, कुछ अनुभवी नाम हैं तो कुछ युवा चेहरे, जबकि कुछ ऐसे भी नाम हैं जो इस टेस्ट मैच से अपना डेब्यू कर सकते हैं जैसे यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और ईशान किशन (Ishan Kishan)। वहीं वेस्टइंडीज की टीम में ज्यादा धुरंधर तो नहीं हैं जो चर्चित हो लेकिन अपनी जमीन पर वे भी काफी प्रभावी हो सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि पहले टेस्ट मैच में कैसी रहेगी पिच रिपोर्ट और डोमिनिका का मौसम।

कैसी होगी भारत-वेस्टइंडीज पहले टेस्ट की पिच रिपोर्ट? (IND vs WI 1st Test Pitch Report)

भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच पहला टेस्ट मैच डोमिनिका के विंडसर पार्क स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैदान पर आखिरी टेस्ट मैच 6 साल पहले 2017 में वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेला गया था। उस मैच में यहां की पिच पर शुरुआत में रन तो बरसे थे लेकिन धीरे-धीरे पिच गेंदबाजों के लिए फायदेमंद होना साबित होती गई। मैच की पहली पारी में पाकिस्तान ने 376 रन बना डाले। जवाब में कैरेबियाई टीम 247 रन बनाकर सिमट गई। इसके बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 8 विकेट पर 174 रन बनाए और पारी घोषित कर दी। वेस्टइंडीज के सामने 304 रन का लक्ष्य था लेकिन वे 202 रन पर सिमट गए और पाकिस्तान ने 101 रन से मैच जीत लिया। मैच की शुरुआती तीन पारियों में पूरी तरह तेज गेंदबाजों का दबदबा था, जबकि अंतिम पारी में स्पिनर यासिर शाह ने 5 विकेट जरूर लिए थे।

भारत की बात करें तो उसने इस मैदान पर सिर्फ 1 मैच खेला है और वो मुकाबला इस मैदान का पहला टेस्ट मैच था। वो मैच जुलाई 2011 में खेला गया था। उस मैच में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया मैदान पर उतरी थी। भारतीय टीम विश्व कप खिताब जीतकर सीधे वेस्टइंडीज पहुंची थी और ये मैच ड्रॉ रहा था। उस मुकाबले से मौजूदा टीम में सिर्फ विराट कोहली खेल रहे हैं जबकि मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ भी उस समय टीम का हिस्सा थे। दिलचस्प बात ये है कि यहां अब तक खेले 5 टेस्ट मैचों में सिर्फ एक मैच ड्रॉ रहा था, बाकी सभी मैचों का नतीजा निकला।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा डोमिनिका का मौसम? (Dominica Weather Forecast)

दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का ये पहला मैच डोमिनिका में खेला जाना है। तो आइए यहां का मौसम भी जान लेते हैं कि अगले 5 दिन कैसी स्थिति रहने वाली है। मंगलवार को यहां पर अच्छी बारिश हुई है। हालांकि बुधवार को मैच के पहले दिन फिलहाल तेज बारिश का कोई अनुमान नहीं है लेकिन बादल रहेंगे और थोड़ी बारिश हो सकती है। मैच के बाकी बचे चार दिनों का अनुमान भी फिलहाल ऐसा ही है कि 20 प्रतिशत बारिश के आसार हैं और समय के साथ ये बदल भी सकता है। मैच के पांचों दिन डोमिनिका में काफी उमस रहने वाली है इसलिए खिलाड़ियों को पसीना बहाने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा। तापमान की बात करें तो पांचों दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्मीद है।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article