क्रिकेट

IND W vs SL W Highlights: भारतीय महिला टीम का विजयी आगाज, श्रीलंका को बारिश से प्रभावित मैच में थमाई हार

IND W vs SL W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने द.अफ्रीका और श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही ट्राई सीरीज का धमाकेदार आगाज किया है। टीम ने पहले ही मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम को करारी शिकस्त थमा दी है।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो- PTI)

IND W vs SL W: रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 9 विकेट से शिकस्त दी। बारिश के कारण मैच 39 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन भारतीय टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से जीत सुनिश्चित की।

गेंदबाजों ने श्रीलंका को 147 रन पर सीमित किया

भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने श्रीलंका की पूरी टीम को 38.1 ओवर में सिर्फ 147 रन पर समेट दिया। डेब्यू कर रही बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने 8 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि स्नेह राणा ने 31 रन देकर 3 विकेट लिए। अनुभवी दीप्ति शर्मा ने भी 5.1 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए।श्रीलंका की ओर से हसिनी परेरा (30) और कविशा दिलहारी (25) ने कुछ रन बटोरे, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

प्रतिका रावल और हरलीन देओल की धमाकेदार बल्लेबाजी

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 29.4 ओवर में 1 विकेट खोकर 149 रन बना लिए। स्मृति मंधाना (43) ने तेज शुरुआत की, जबकि प्रतिका रावल ने नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली। हरलीन देओल (नाबाद 48) के साथ उन्होंने 95 रन की अटूट साझेदारी कर मैच पर पूरी तरह से कब्जा जमा लिया।प्रतिका ने 62 गेंदों में 7 चौकों की मदद से अपना सातवां वनडे अर्धशतक पूरा किया, जबकि हरलीन ने 71 गेंदों में 4 चौके जड़े।

डेब्यू करने वाली श्री चरणी ने छोड़ी छाप

20 वर्षीय श्री चरणी ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 2 विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को कभी भी स्कोरबोर्ड पर दबाव बनाने का मौका नहीं दिया।भारतीय टीम अब 29 अप्रैल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगी। इस जीत के साथ टीम ने ट्राई-सीरीज में शानदार शुरुआत की है और आगे भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article