क्रिकेट

श्रीलंका पर हमेशा कहर बनकर टूटते हैं रवींद्र जडेजा, गेंद के अलावा बल्ले से भी करते हैं कमाल

SL vs IND Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने जा रहे पहले टेस्ट मैच में रवींद्र जडेजा और कुलदीप की जोड़ी भारत के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकती है। बल्ले से निचले क्रम में रन और गेंद से लगातार विकेट सर जडेजा का यही फॉर्मूला श्रीलंका के खिलाफ हमेशा काम आया है।

Image

रवींद्र जडेजा (फोटो साभार- BCCI)

SL vs IND Test Series: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा एक बार फिर श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरने को तैयार हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में आराम के बाद जडेजा की वापसी 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से होगी। ये साल 2026 में जडेजा का पहला टेस्ट होगा और आंकड़े बताते हैं कि श्रीलंका के खिलाफ वो हमेशा से भारत के लिए तुरुप का इक्का रहे हैं।

अभ्यास मैच में जडेजा ने लिए दो विकेट

कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर श्रीलंका XI के खिलाफ खेले गए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भी जडेजा ने अपनी मौजूदगी का अहसास करा दिया। केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम इंडिया में चोटिल शुभमन गिल की जगह ये मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने भारतीय तेज गेंदबाजों को खूब परेशान किया। निशान फर्नांडो ने 65 गेंदों में 66 रन और रवींदु रसांथा ने 143 गेंदों में 71 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े।

बात जब विकेट निकालने की आई तो सर जडेजा आगे आए। उन्होंने अपनी घातक आर्म बॉल पर नंबर तीन बल्लेबाज पासिंदु सूरियाबंदारा को 35 रन पर बोल्ड किया। दिन के आखिर में उन्होंने रमेश मेंडिस को 32 रन पर आउट कर लंका का सातवां विकेट भी गिराया। कुलदीप यादव ने भी 2 विकेट लिए, लेकिन जडेजा का असर सबसे साफ दिखा।

आंकड़े देते हैं लंका प्रेम की गवाही

श्रीलंका के खिलाफ 7 टेस्ट में जडेजा ने 9 पारियों में अब तक 326 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 65.20 का है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा है और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 175 रनों का है। वहीं गेंद से उन्होंने लंका के खिलाफ सिर्फ 23.72 की औसत से 33 विकेट झटके हैं। इस दौरान उन्होंने दो बार पारी में 5 विकेट भी लिए हैं और उनका बेस्ट प्रदर्शन 5/41 रहा है। अगर सभी फॉर्मेट की बात करें तो 48 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 791 रन बनाए हैं और 66 विकेट लिए हैं। यानी बल्ले और गेंद दोनों से उन्होंने लंकाई टीम को खूब नचाया है। वहीं जडेजा के नाम 89 टेस्ट मैचों में कुल 348 विकेट और 4095 रन दर्ज हैं। इस दौरान वह 15 बार पारी में 5 विकेट और 3 बार 10 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article