क्रिकेट

IND vs SL 1st ODI: भारत के खिलाफ उतरने से पहले श्रीलंकाई दिग्गज का अपनी टीम को लेकर संदेश, बोले- जागरूकता बढ़ाने की जरूरत

IND vs SL 1st ODI, Sanath Jayasuriya Statement: भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला दो अगस्त को खेला जाएगा। यह रोमांचक मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले श्रीलंका टीम के अंतरिम कोच सनथ जयसूर्या ने अपनी टीम के खिलाड़ियों को लेकर स्पेशल मैसेज दिया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपनी क्रिकेट जागरूकता में सुधार करने पर काम करना होगा।

Image

श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- Sri Lanka Cricket X)

Photo : Twitter

IND vs SL 1st ODI, Sanath Jayasuriya Statement: श्रीलंका अंतरिम कोच सनथ जयसूर्या ने कहा कि भारत के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी20 श्रीलंका में हार के बाद उनके खिलाड़ियों को अपनी क्रिकेट जागरूकता में सुधार करने पर काम करना होगा। श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज के दौरान कई बार अच्छी स्थिति में होने के बाद लगातार विकेट गंवाए और टीम को 0-3 से हार झेलनी पड़ी।

जयसूर्या ने तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से पहले ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ से कहा, ‘मुझे प्रतिबद्धता की कमी नहीं दिखती, लेकिन उन्हें दबाव से बेहतर तरीके से निपटना होगा। उन्हें मैच की परिस्थितियों को लेकर अपनी क्रिकेट जागरूकता को बेहतर करने की जरूरत है। हम इस हार की जिम्मेदारी ले रहे हैं। आप इससे दूर नहीं जा सकते।’ उन्होंने कहा, ‘जब तक उन्हें इस बात का एहसास होगा हमें तब तक उन्हें विश्वास और समर्थन देते रहना होगा।’

जयसूर्या ने कहा कि बल्लेबाजों को लगातार छक्के लगाने की चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि श्रीलंका के मैदान बड़े है और चौके तथा दो रन दौड़कर लेने के पर्याप्त मौके देते हैं। उन्होंने कहा, ‘जब आप पावर हिटिंग के बारे में बात करते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि आपको (श्रीलंका में) इसकी उतनी आवश्यकता है। अगर आप पर्याप्त चौके और पर्याप्त दो रन लगाते हैं, तो आपको वह स्कोर मिल जाता है जिसकी आपको जरूरत है।’

श्रीलंका के इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘श्रीलंका के मैदान थोड़े बड़े हैं। ऐसा कोई कारण नहीं है कि आप चौके लगाने के साथ दो या तीन रन नहीं चुरा सकते है। अगर आप ऐसा कर सके तो आप इतने सारे छक्के मारे बिना भी काम पूरा कर सकते हैं।’ इस पूर्व दिग्गज हरफनमौला ने कहा कि खिलाड़ियों को टी20 श्रृंखला जैसे खराब प्रदर्शन के बाद आलोचना स्वीकार करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘हमें एक कोच के रूप में, एक सहयोगी स्टाफ के रूप में, एक टीम के रूप में आलोचना को भी स्वीकार करना होगा। एक क्रिकेटर के रूप में अपने समय में मुझे इस (परिस्थिति) से गुजरना पड़ा है, हर क्रिकेटर को इससे गुजरना पड़ता है। जब आलोचना होती है, तो आपको इसे स्वीकार करना होगा।’ जयसूर्या ने उम्मीद जताई की नवनियुक्त कप्तान चरित असलांका जल्द ही अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, ‘असलांका इस प्रारूप में हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं लेकिन जब आपको कप्तानी मिलती है तो कुछ दबाव होता है। आपको थोड़ा समय देना होगा।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article