क्रिकेट

IND vs SA Women Test: विश्व कप फाइनल से पहले भारतीय लड़कियों ने दक्षिण अफ्रीका को धोया, स्मृति-शेफाली का वर्ल्ड रिकॉर्ड

India Women vs South Africa Women Test: भारत और दक्षिण अफ्रीका की पुरुष क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल से पहले भारतीय लड़कियों ने दक्षिण अफ्रीका को धो डाला है। चेन्नई में आज से शुरू हुए भारत-दक्षिण अफ्रीका महिला टेस्ट मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर्स स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। स्मृति और शेफाली ने शतक जड़े और महिला टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का विश्व रिकॉर्ड बनाया।

Image

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला टेस्ट मैच
  • ओपनर्स स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने जड़े शतक
  • मंधाना-शेफाली ने बनाया सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का वर्ल्ड रिकॉर्ड

IND-W vs SA-W Test Match: शनिवार को वेस्टइंडीज के बारबडोस में भारत और दक्षिण अफ्रीका की पुरुष टीमों के बीच टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। लेकिन इस खिताबी मुकाबले से एक दिन पहले आज चेन्नई में शुरू हुए भारत-दक्षिण अफ्रीका महिला टेस्ट मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम पर जमकर हल्ला बोला है। भारतीय महिला टेस्ट टीम की दोनों ओपनर्स स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने ताबड़तोड़ शतक जड़ते हुए महिला टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग पार्टनरिशप का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।

भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच चेन्नई के एम ए चिदंबरम में शुरू हुए टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनिंग करने उतरी स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और विस्फोटक ओपनर शेफाली वर्मा ने जोरदार शुरुआत की। शेफाली वर्मा ने 113 गेंदों में ताबड़तोड़ शतक जड़ा, जबकि हाल में वनडे सीरीज में दो शतक जड़ने वाली स्मृति मंधाना ने 122 गेंदों में सेंचुरी बना दी।

स्मृति मंधाना 161 गेंदों में 149 रन रनों की पारी खेलकर आउट हो गईं। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी में 27 चौके जड़े और 1 छक्का लगाया। वहीं शेफाली वर्मा ने उसके बाद भी धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी और 158 गेंदों में 150 रनों का स्कोर पार कर दिया। इसके बाद भी शेफाली थमीं नहीं और दोहरा शतक जड़ दिया। शेफाली ने 197 गेंदों में 205 रनों की पारी खेली जिसमें 23 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वो टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाली मिताली राज के बाद दूसरी खिलाड़ी बनी। मिताली ने ये कमाल 2002 में किया था।

स्मृति-शेफाली का ओपनिंग वर्ल्ड रिकॉर्ड

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने धुआंधार शतकीय पारियां खेलने के दौरान नया विश्व रिकॉर्ड भी बना दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 292 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी हुई। ये पार्टनरशिप महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप साबित हुई है। दोनों ने इस साझेदारी को 312 गेंदों में अंजाम दिया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article