India vs Pakistan, Virat Kohli: इंडिया बनाम पाकिस्तान (India vs Pakistan) मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी प्रैक्टिस सेशन में पसीना बहा रहे हैं। दोनों देशों के खिलाड़ी इस मैच में अपना 100 प्रतिशत देना चाहते हैं। स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) से रविवार 23 अक्टूबर 2022 को पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। टीम इंडिया (Team India) कल मेलबर्न में आईसीसी टी 20 वर्ल्ड कप के लिए अपना पहला मैच खेलती नजर आएगी।
भारतीय दाएं हाथ के बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली की फैन फॉलोइंग की कोई सीमा नहीं है। साल 2022 की शुरुआत में विराट के बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे लेकिन एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के दौरान वह फॉर्म में लौटते नजर आए हैं। इस टूर्नामेंट के दौरान ही विराट ने अपना पहला टी20 शतक भी जड़ा था। वहीं दो और अर्धशतकों की मदद से पांच मैचों में कुल 276 रन बनाए थे।
जबरदस्त फॉर्म में दिखे 'किंग कोहली'
एशिया कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब फिलहाल भारतीय टीम का ध्यान टी20 वर्ल्ड कप पर है। जो ऑस्ट्रेलिया में आयोजित किया जा रहा है। रविवार को होने वाले इंडिया बनाम पाकिस्तान मैच के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने शुक्रवार को एमसीजी में अपने पहले प्रैक्टिस सेशन में भाग लिया था। वहीं आज यानी शनिवार को विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है। इस वीडियो में उन्हें नेट्स पर बल्लेबाजी करते देखा जा रहा है।
विराट कोहली पर होगा पूरा दारोमदार
विराट कोहली 15 सदस्यीय इस टीम में भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया में टी20 के फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर विराट ने कुल 11 T20I खेले हैं। जिनमें उनका औसत 64.42 का और स्ट्राइक रेट 144.55 का रहा है। उन्होंने यहां कुल 451 रन बनाए हैं। ध्यान देने योग्य बात यह है कि पाकिस्तान के खिलाफ भी विराट का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।
