क्रिकेट

T20 World Cup: विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच चलेगी वर्चस्व की जंग

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 18, 2022, 05:55 AM IST

ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आठवें टी20 विश्व कप के दौरान विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच टीम को खिताबी जीत दिलाने की कोशिश के दौरान वर्चस्व की एक अलग जंग देखने को मिलेगी। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के पास टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाने का शानदार मौका भी है।

Image

Virat-kohli-Rohit-Sharma

ब्रिस्बेन: भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2022 के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। 23 अक्टूबर को भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में अपने विश्व कप अभियान का आगाज करेगी। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में 15 साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म करने के इरादे से ऑस्ट्रेलिया पहुंची है।

पूरी टीम खिताब जीतने को बेकरार है। बल्लेबाजी भारतीय टीम की ताकत है जिसकी मुख्य कड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली है। अगर इन दोनों खिलाड़ियों का बल्ला विश्व कप में चल निकला तो टीम इंडिया को खिताबी जीत से कोई नहीं रोक सकता। विराट कोहली अपने खराब फॉर्म से उबर चुके हैं लेकिन रोहित कप्तान बनने के बाद बल्ले से धमाल मचा पाने में नाकाम रहे हैं।

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन

ऐसे में प्रशंसकों की नजर खिताबी जंग के बीच भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच बल्लेबाजी के दौरान वर्चस्व की जंग पर भी रहेगी। दोनों टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने की पुरजोर कोशिश करेंगे। कौन इस जंग में जीतेगा ये तो वक्त ही बताएगा। दोनों के बीच टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाला खिलाड़ी बनने की होड़ भी समानांतर चलेगी।

विराट सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज

विराट कोहली टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने साल 2012 से लेकर 2021 तक टी20 विश्व कप में खेले 21 मैच की 19 पारियों में 8 बार नाबाद रहते हुए 76.81 के औसत और 129.60 के स्ट्राइक रेट से 845 रन बना चुके हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वो पांचवें पायदान पर हैं और रोहित शर्मा से केवल 2 रन पीछे हैं।

रोहित हैं सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

वहीं रोहित शर्मा ने साल 2007 से 2021 तक सात बार टी20 विश्व कप में शिरकत की है। इस दौरान खेले 33 मैच की 30 पारी में बल्लेबाजी करते हुए 38.50 के औसत और 131.52 के स्ट्राइक रेट से 847 रन बनाए हैं। विराट कोहली से वो सिर्फ दो रन आगे हैं। वहीं इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतक जड़े हैं। ऐसे में उनके पास रनों और पचासे जड़ने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ने का शानदार मौका है।

दोनों खिलाड़ी टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी पहले पायदान पर काबित महेला जयवर्धने को पीछे छोड़ सकते हैं। जयवर्धने ने 31 मैच की 31 पारियों में 39.07 के औसत और 134.74 के स्ट्राइक रेट से 1016 रन बनाए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article