क्रिकेट

IND vs NZ 2nd ODI Match Timing Today 2026: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे, जानें कितने बजे शुरू होगा मैच

IND vs NZ 2nd ODI Match Timing Today 2026: आज (14 January 2026) न्यूजीलैंड और टीम इंडिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा व अहम मुकाबला खेला जाएगा। दूसरा वनडे मैच राजकोट में खेला जाना है। इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच हुए सीरीज के पहले वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी, अब आज भारत मैच जीतकर अजेय बढ़त हासिल करना चाहेगी। यहां हम जानेंगे भारत-न्यूजीलैंड दूसरे वनडे मैच की टाइमिंग, क्या कहते हैं आंकड़े और किस मैदान पर होगा मैच।

IND vs NZ 2nd ODI Match Timing Today

भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे वनडे मैच का समय

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-न्यूजीलैंड वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2026
  • आज भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे मुकाबला
  • दूसरे वनडे में टीम इंडिया सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी

IND vs NZ 2nd ODI Match Timing Today 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2026 का आगाज जीत के साथ किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज की और तीन वनडे मैचों की श्रंखला में 1-0 की शुरुआती बढ़त अपने नाम कर ली। अब आज मेहमान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और मेजबान भारतीय क्रिकेट टीम (India vs New Zealand) दूसरे वनडे में टकराने जा रही हैं। सीरीज का दूसरा ODI मैच राजकोट (Rajkot) में आयोजित होगा। पिछले मैच में शुभमन गिल (Shubman Gill) बेशक अपनी फिटनेस को लेकर परेशान नजर आ रहे थे लेकिन दूसरे वनडे में आज वो फिर भारतीय टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। वहीं, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की कमान ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल (Michael Bracewell) के हाथों में होगी। इस मैच में टीम इंडिया जीत के इरादे से उतरेगी ताकि सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करके वनडे सीरीज (IND vs NZ ODI Series 2026) पर कब्जा जमाया जा सके।

इससे पहले, वनडे सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया था। न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और भारत के सामने 301 रनों का लक्ष्य रखा। भारत ने 6 विकेट खोते हुए एक ओवर बाकी रहते टारगेट हासिल करके जीत दर्ज कर ली थी। उस मुकाबले में विराट कोहली (Virat Kohli) ने 93 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर एक बार फिर अपना दम दिखाया था। आज दूसरे वनडे में एक बार फिर फैंस की निगाहें विराट पर टिकी होंगी।

भारत और न्यूजीलैंड के आंकड़े (IND vs NZ Head To Head Stats)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज तक ODI क्रिकेट इतिहास में 121 मैच हो चुके हैं। इनमें टीम इंडिया ने 63 मैचों में जीत हासिल की है। जबकि, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम 50 मैचों में टीम इंडिया हराने में सफलता हासिल कर सकी है। इसके अलावा, भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक मैच टाई और सात मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। भारत में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 41 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने अपने घरेलू मैदानों पर 32 मैचों में जीत दर्ज की है जिसमें मौजूदा सीरीज का पहला वनडे मैच भी शामिल है। जबकि न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम केवल 8 मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम को उसके मैदानों में मात दे पाई है। अब जानते हैं भारत-न्यूजीलैंड दूसरा वनडे मुकाबला कब व कितने बजे शुरू होगा और इसके अलावा अन्य जरूरी बातें।

भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे मैच कहां होगा? (IND vs NZ 2nd ODI Match Venue)

भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज का दूसरा मैच राजकोट निरंजन शाह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगा।

कब होना है भारत-न्यूजीलैंड दूसरा वनडे मुकाबला? (India vs New Zealand 2nd ODI Match Date)

मेजबान भारत और मेहमान न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच 14 जनवरी 2026, बुधवार को आयोजित होगा।

टीम इंडिया और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच दूसरा वनडे मैच कितने बजे शुरू होगा? (IND vs NZ 2nd ODI Match Time)

भारत-न्यूजीलैंड दूसरा वनडे मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस 1:00 बजे होगा।

तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारत और न्यूजीलैंड की पूरी टीमें (India And New Zealand Full ODI Squads)

भारतीय ODI क्रिकेट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और आयुष बडोनी।

न्यूजीलैंड ODI क्रिकेट टीम: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, ग्लेन फिलिप्स, हेनरी निकोल्स, विल यंग, जोश क्लार्कसन, जैक फॉल्क्स, डेरिल मिचेल, काइल जैमीसन, जेडन लेनॉक्स, आदित्य अशोक, माइकल रे और क्रिस्टियन क्लार्क।

न्यूजीलैंड-इंडिया के बीच दूसरे वनडे मैच को किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं? (IND vs NZ Match TV Telecast Channel)

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और मेजबान टीम इंडिया के बीच वनडे सीरीज के दूसरे मैच को आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं की कमेंट्री के साथ देख सकते हैं।

भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के दूसरे वनडे मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें? (IND vs NZ 2nd ODI Match Live Streaming)

टीम इंडिया और न्यूजीलैंड वनडे टीम के बीच दूसरे अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबले की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग आप जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर देख पाएंगे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थी author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article