क्रिकेट

भारत-इंग्लैंड टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मैच की पिच रिपोर्ट और मुंबई के मौसम का हाल

आज (5 मार्च, 2026) को भारत और इंग्लैंड की टीमों के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम(Wankhede Stadium Mumbai) में खेला जाएगा। लगातार तीसरे विश्व कप के सेमीफाइनल में दोनों टीमों की भिड़ंत हो रही है। दो बार की चैंपियन भारत और इंग्लैंड की टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज करके तीसरी बार खिताब जीतने के लिए फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ना चाहेगी। इस मुकाबले में पिच की भी अहम भूमिका रहेगी। आइए जानते हैं रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कैसा रहेगी पिच और मौसम का हाल?

Image

भारत बनाम ंइंग्लैंड, टी20 विश्व कप 2026 दूसरा सेमीफाइनल, पिच रिपोर्ट

आज (5 मार्च, 2026) को भारत और इंग्लैंड की टीमों के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम(Wankhede Stadium Mumbai) में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड की टीम लगातार तीसरे विश्व कप के सेमीफाइनल में भिड़ रही हैं। लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में पहुंची इंग्लैंड की टीम साल 2022 में भारतीय टीम को 10 विकेट से पटखनी देकर फाइनल में पहुंची और खिताब जीतने में सफल रही थी। वहीं साल 2024 में टीम इंडिया इंग्लैंड को पटखनी देकर फाइनल में पहुंची और खिताब अपने नाम करने में सफल रहीं। ऐसे में एक बार फिर दोनों टीम एक दूसरे को पटखनी देकर फाइनल में एंट्री करके तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा करना चाहेगी। मेजबान टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav ) के हाथों में है वहीं इंग्लैंड टीम की कप्तानी हैरी ब्रूक (Harry Brook) संभाल रहे हैं।

ऐसी रही है दोनों टीमें के बीच टी20 मे भिड़ंत (IND vs ENG Head to Head in T20)

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप के इतिहास में पांच बार भिड़ंत हुई है। इन पांच मुकाबलों में तीन बार भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ जीत मिली है जबकि 2 मुकाबलों में हार मुंह देखना पड़ा है। दोनों के बीच टी20आई में कुल 27 मैच खेले गए हैं जिसमें से 17 मुकाबले टीम इंडिया के नाम रहे हैं। वहीं 12 मैच इंग्लैंड की झोली में गए। भारतीय सरजमीं पर दोनों के बीच कुल 14 मैच खेले गए हैं जिसमें से 10 में भारत और 4 में इंग्लैंड विजयी रहा है। दोनों के बीच खेले गए पिछले पांच मैच में से चार टीम इंडिया के नाम रहे हैं। आंकड़ों में टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। लेकिन इस मुकाबले में जीत के लिए भारतीय टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

भारत बनाम इंग्लैंड टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs ENG T20 World Cup Second Semi Final Pitch Report Today Match)

भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर जिस पिच पर मैच खेला जाएगा वह लाल मिट्टी की बनी है। यह मैदान की पिच नंबर सात है जिसपर ग्रुप दौर में इंग्लैंड-वेस्टइंडीज और नेपाल-इटली के बीच मुकाबला खेला गया था। उस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को मात दी थी। वहीं नेपाल को इटली के खिलाफ 10 विकेट से अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था। ये विकेट मैदान के बीचों बीच है। दोनों तरफ स्क्वायर में बाउंड्री बराबरा है। इस पिच का इस्तेमाल 12 फरवरी को आखिरी बार हुआ था। ऐसे में इसका व्यवहार नई पिच की तरह होगा। पिच पर अच्छी घास है और जिसके मैच के दौरान बने रहने की संभावना है। दोनों टीमों की आक्रामक बल्लेबाजी और छोटी बाउंड्री को देखते हुए मैच में 200 से ज्यादा का स्कोर बनने की उम्मीद है। लाल मिट्टी की पिच पर गेंद को उछाल मिलता है और पिचपर गेंद उछलेगी और बल्ले पर आसानी से आएगी। इस पिच पर स्पिनर्स के लिए ज्यादा मदद नहीं होगी। तेज गेंदबाज इस पिच पर अहम भूमिका अदा कर सकते हैं खासकर शुरुआती ओवरों में।

दोनों टीम इस प्रकार हैं (India England Squad for T20 World Cup)

भारतीय क्रिकेट टीम (Indian National Cricket team)

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, संजू सैमसन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम (England Cricket team)

हैरी ब्रुक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टोंग, ल्यूक वुड।

आज मुंबई में कैसा रहेगा मौसम (Mumbai Weather Today)

मुंबई में मौसम गर्म हो गया है और दिन का अधिकतम तापमान गुरुवार को 39 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शाम को जब मैच शुरू होगा उस वक्त तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मैदान में शाम को उमस भी होगी। जैसे जैसे मैच आगे बढ़ेगा तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी लेकिन उमस बढ़कर 48 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। ऐसे में गर्मी से पार पाना खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती होगा। मुंबई में गुरुवार को बारिश की बिलकुल भी संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शकों को रोमांच से भरपूर पूरा मैच देखने को मिलेगा।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article