भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में एक और शतक जड़कर डॉन ब्रैडमैन, राहुल द्रविड़ और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो सकते हैं। पंत ने लीड्स टेस्ट में 134 और 118 की आक्रामक पारी खेली थी, हालांकि भारत 371 रनों का लक्ष्य बचाने में नाकाम रहा और पांच विकेट से हार गया। इंग्लैंड में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 10 टेस्ट की 19 पारी में 42,52 की औसत से 808 रन बनाए हैं जिसमें चार शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रहा है।
पिछली बार जब वह जुलाई 2022 में एजबेस्टन आए थे, तो उन्होंने 111 गेंदों में 19 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 146 रन बनाए थे। रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर उन्होंने 98/5 की खराब स्थिति से भारत को 416 तक पहुंचाया था। हालांकि, भारत यह मैच हार गया क्योंकि इंग्लैंड ने 378 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया।
अब अगर पंत एजबेस्टन में एक और शतक जड़ते हैं, तो वे ब्रैडमैन, ऑस्ट्रेलिया के वॉरेन बार्ड्सली, द्रविड़, लारा, ऑस्ट्रेलिया के चार्ल्स जॉर्ज मैकार्टनी और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के बाद इंग्लैंड में लगातार तीन टेस्ट में शतक जड़ने वाले सातवें विदेशी बल्लेबाज बन जाएंगे।
द्रविड़ के बाद वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय होंगे—द्रविड़ ने 23 साल पहले नॉटिंघम (115), लीड्स (148) और द ओवल (217) में लगातार तीन शतक जड़े थे। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिचेल ने हाल ही में लॉर्ड्स (108), नॉटिंघम (190) और लीड्स (109) में यह उपलब्धि हासिल की थी।एम.एस. धोनी को पछाड़ते हुए पंत पहले ही भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में SENA कंट्री में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा वह लीड्स टेस्ट में दो शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज भी बने थे।
भारत की टेस्ट टीमः शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।
इंग्लैंड की टेस्ट टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, शुऐब बशीर, जैकब बेटेल, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, ज़ाक क्रॉली, बेन डकेट, जैमी ओवरटन, ओली पोप, जो रूट, जैमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स।
