क्रिकेट

IND vs ENG: पंत के कवर के रुप में किशन नहीं इस 29 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज को मिल सकता है टीम इंडिया में मौका

Rishabh Pant Cover: ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ चौथे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण मौजूदा टेस्ट में विकेटकीपर की जिम्मेदारी नहीं निभा पाएंगे लेकिन बृहस्पतिवार को दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरे जबकि तमिलनाडु के विकेटकीपर एन जगदीशन इस स्टार खिलाड़ी के कवर के रूप में भारतीय टीम जुड़ेंगे।

Image

ऋषभ पंत (फोटो- AP)

Rishabh Pant Cover: इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत पैर के अंगूठे में चोट के कारण इस टेस्ट मैच में विकेटकीपिंग नहीं कर पाएंगे। हालांकि उन्होंने दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरकर अपनी टीम को संकट की स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की और इसकी हर तरफ सराहना भी हुई। पंत का अगला मैच खेलना संभव नहीं है ऐसे में उनकी जगह कौन आएगा इसे लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

पंत को यह चोट पहले दिन 68वें ओवर में क्रिस वोक्स की यॉर्कर लेंथ गेंद पर रिवर्स स्वीप करने की कोशिश के दौरान लगी। गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे से टकराई और सीधे उनके दाहिने पैर के अंगूठे पर लगी। इस दर्दनाक झटके के बाद पंत मैदान पर गिर पड़े, उन्होंने अपना जूता और मोजा उतारा, तो उनके पैर से खून बहता देखा गया। इसके बाद उन्हें तुरंत स्कैन के लिए ले जाया गया।

ध्रुव जुरेल करेंगे विकेटकीपिंग, पंत रहेंगे केवल बल्लेबाज के रूप में उपलब्ध

बीसीसीआई ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पुष्टि की कि पंत इस मैच में विकेटकीपिंग नहीं कर पाएंगे और उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। बोर्ड ने यह भी बताया कि पंत टीम की आवश्यकता के अनुसार बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे।दूसरे दिन जब भारत ने 314 रनों पर शार्दुल ठाकुर का विकेट गंवाया, तो पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे। ओल्ड ट्रैफर्ड के दर्शकों ने खड़े होकर इस साहसिक खिलाड़ी का स्वागत किया।

एन जगदीशन होंगे पंत के कवर, इशान किशन को बुलाए जाने पर संशय

शुरुआत में यह खबर आई थी कि पंत पूरी श्रृंखला से बाहर हो सकते हैं और उनकी जगह इशान किशन को बुलाया जाएगा। लेकिन अब पुष्टि हुई है कि तमिलनाडु के विकेटकीपर-बल्लेबाज एन जगदीशन को पंत के कवर के तौर पर पांचवें टेस्ट के लिए इंग्लैंड भेजा जा रहा है। दरअसल रिपोर्ट के मुताबिक इशान किशन चोटिल हैं और उनका खेलना मुश्किल है।बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक, “ऋषभ पंत अगले छह हफ्तों के लिए बाहर हो सकते हैं। मेटाटार्सल हड्डी में फ्रैक्चर है और यह गंभीर स्थिति है।”

मून बूट पहनकर पहुंचे स्टेडियम

गंभीर चोट के बावजूद पंत दूसरे दिन मैदान पर ‘मून बूट’ (ऑर्थोपेडिक सुरक्षा जूता) पहनकर पहुंचे और टीम के लिए बल्लेबाजी की। यह उनकी प्रतिबद्धता और जुनून को दर्शाता है। वह अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं और इस सीरीज़ में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है।

टीम इंडिया पर चोटों का संकट

भारतीय टीम पहले से ही कई खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट के कारण सीरीज से बाहर हैं। तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप और अर्शदीप सिंह भी क्रमशः पीठ दर्द और उंगली की चोट के चलते चौथे टेस्ट में नहीं खेल पा रहे हैं।

केएल राहुल भी हो सकते हैं विकल्प, लेकिन फिटनेस है चिंता का विषय

टीम मैनेजमेंट के पास केएल राहुल को विकेटकीपिंग में आजमाने का विकल्प है, लेकिन उन्होंने पिछली बार दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान विकेटकीपिंग की थी। इसके बाद से वह इस भूमिका में नहीं दिखे हैं।

लॉर्ड्स टेस्ट में भी लगी थी चोट

गौरतलब है कि इस सीरीज़ में यह दूसरी बार है जब पंत चोटिल हुए हैं। लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट के दौरान विकेटकीपिंग करते समय उनकी उंगली में चोट लगी थी, जिसके कारण ध्रुव जुरेल ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में विकेटकीपिंग की थी।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article