क्रिकेट

भारत-इंग्लैंड दूसरा वनडे मैच

टीम इंडिया और मेहमान इंग्लैंड के बीच तीन वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों की द्विपक्षीय सीरीज का दूसरा मुकाबला आज कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले सीरीज के नागपुर में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 4 विकेट के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की शुरुआती बढ़त हासिल कर ली थी। विराट कोहली सीरीज के पहले वनडे में चोट की वजह से नहीं खेले थी। कटक में उनकी प्लेइंग-11 में वापसी होगी। यहां हम जानेंगे भारत-इंग्लैंड दूसरे वनडे की पिच रिपोर्ट?

Image

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे मैच पिच और वेदर रिपोर्ट

IND vs ENG 1st ODI Pitch Report In Hindi Today Match: भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज चैंपियंस ट्रॉफी से पहले खेली जा रही है। आज भारत और इंग्लैंड के बीच इस सीरीज का दूसरा वनडे (India vs England 2nd ODI) खेला जाएगा। ये मुकाबला ओडिशा के कटक (Cuttack) में खेला जाएगा। 19 फरवरी से शुरू होने जा रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिहाज से यह सीरीज तैयारी का आखिरी मौका है। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में खेल रही टीम इंडिया ने सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 4 विकेट के अंतर से जीत दर्ज करके 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टी20 सीरीज के बाद इंग्लैंड की टीम जोस बटलर (Jos Buttler) की कप्तानी में वनडे सीरीज में भी संघर्ष कर रही है। ऐसे में सीरीज का दूसरा वनडे मैच आज भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 1:00 बजे होगा।

आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे वनडे मैच से पूर्व हम यहां आपको बता देते हैं कि वनडे क्रिकेट में इन दोनों टीमों के बीच हुई टक्कर का इतिहास कैसा रहा है। टीम इंडिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच अब तक वनडे इतिहास में 108 मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में टक्कर कांटे की रही है। भारत ने 59 वनडे मैचों में इंग्लैंड को मात दी है। जबकि इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने 44 मैचों में विजय हासिल की है। वहीं, 2 मैच टाई रहे और 3 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। भारत की जमीन पर अब तक हुए भारत-इंग्लैंड वनडे मैचों के आंकड़ों की बात करें तो, यहां पर दोनों टीमों के बीच 53 वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें 35 मैच भारतीय क्रिकेट टीम ने जीते हैं। जबकि इंग्लैंड ने मेजबान भारत को 17 वनडे मैचों में पस्त करने में सफलता हासिल की है। दोनों के बीच खेले गए पिछले पांच वनडे मैच में टीम इंडिया ने 4 और इंग्लैंड ने एक मैच जीता है।

भारत-इंग्लैंड पहले दूसरे मैच की पिच रिपोर्ट

मेजबान भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच कटक के बाराबती क्रिकेट स्टेडियम (Barabati Stadium) में आयोजित होने जा रहा है। कटक के मैदान को हाईस्कोरिंग नहीं माना जाता है। साल 1982 से अबतक यहां खेले गए 19 एकदिवसीय मैच की 38 पारियों में केवल 6 बार आंकड़ा 300 के पार गया है। जिसमें से 4 बार ऐसा पिछले 8 साल में हुआ है। पिच पिछले कुछ सालों में बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती गई है। इस मैदान पर तेज गेंदबाजों का दबदबा दिखा है। यहां अबतक तेज गेंदबाजों ने 137 विकेट अपने नाम किए हैं वहीं 88 विकेट स्पिनर्स के खाते में गए हैं। स्पिनर्स की इकोनॉमी तेज गेंदबाजों से बेहतर रही है।

इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर टीम इंडिया के नाम दर्ज है। भारतीय टीम ने साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट पर 381 रन का स्कोर खड़ा किया था। 6 साल लंबे अंतराल के बाद यहां कोई मैच खेला जा रहा है। साल 2019 में भारत और विंडीज की टीम यहीं भिड़ी थीं उस मुकाबले में भारतीय टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। मेजबान टीम इंडिया का कटक के मैदान पर रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। टीम इंडिया ने यहां खेले 17 मुकाबलों में से 13 में जीत दर्ज की है। साल 2003 से भारतीय टीम ने इस मैदान पर लगातार सात मैच में जीत दर्ज की है। इस मैदान पर खेले गए 19 मैच में से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 7 मुकाबलों में और 12 में लक्ष्य की पीछा करने वाली टीम विजयी रही है। इस मैदान पर टॉस की भूमिका कोई खास नहीं रही है। टॉस जीतने वाली टीम ने 8 मैच में और हारने वाली टीम 11 मैच में जीत हासिल करने में फल रही। कटक में मैदान रात में ओस पड़ती है ऐसे में लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है। लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 मैच में 12 में टीम को जीत मिली है।

आज कैसा रहेगा कटक का मौसम

पिच के अलावा कटक के मौसम की बात भी कर लेते हैं। आज कटक में बारिश की संभावना है। हालांकि, क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि बारिश तेज नहीं होगी और इसका मैच पर कोई ज्यादा असर नहीं होगा। रविवार को कटक का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, इसके अलावा आद्रता 53 फीसदी रह सकती है।

दूसरे वनडे मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के इस पहले मुकाबले में कई सीनियर व दिग्गज खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें रहेंगी। भारतीय वनडे टीम की बात करें तो कप्तान रोहित शर्मा फॉर्म से लगातार जूझ रहे हैं। फैन्स को उनके बल्ले से एक बड़ी पारी का इंतजार चैंपियंस ट्रॉफी से पहले है। नागपुर में घुटने में सूजन की वजह से नहीं खेलने वाले विराट कोहली (Virat Kohli) की भी मैदान पर वापसी होगी। विराट भी फॉर्म से जूझ रहे हैं और उन पर उनके सबसे फेवरेट फॉर्मेट में अच्छे प्रदर्शन पर उम्मीदें टिकी रहेंगी। उनके अलावा नागपुर में टीम की जीत के हीरो रहे शुभमन गिल (Shubman Gill) से उस फॉर्म को बतौर ओपनर दोहराने की अपेक्षा टीम को है। टीम में अचानक शामिल किए गए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) को कुलदीप यादव की जगह कटक में वनडे डेब्यू का मौका मिल सकता है। फैन्स चाहते हैं कि चक्रवर्ती टी20 सीरीज वाले फॉर्म को वनडे में भी दोहराने में सफल हों। हर्षित राणा (Harshit Rana) अपने डेब्यू मैच में तीन विकेट चटकाकर छाप छोड़ने में सफल रहे थे। ऐसे में उन्हें दूसरा मौका कटक में मिल सकता है चैंपियंस ट्रॉफी के मद्देनजर उनके प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी क्योंकि बुमराह के खेलने की संभावनाएं बेहद कम हैं। बांए हाथ के पेसर र्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) को नागपुर में 3 विकेट झटकने वाले मोहम्मद शमी की जगह खेलने का मौका मिल सकता है। अगर इंग्लैंड वनडे टीम की बात करें तो कप्तान बटलर ने नागपुर में अपना टी20 वाला फॉर्म बरकरार रखा। 15 महीने बाद वापसी करने वाले जो रूट (Joe Root) नाकाम रहे। फिल सॉल्ट (Phil Salt) ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। ब्रायडन कार्स (Brydon Carse), ऑलराउंडर रेहान अहमद (Rehan Ahmed) और लियाम लिविंगस्टोन (Liam Livingstone) के साथ मार्क वुड (Mark Wood), जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) और साकिब महमूद (Saqid Mahmood) से उम्मीदें रहने वाली हैं।

भारत और इंग्लैंड की वनडे टीमें (India And England ODI Squads)

भारतीय वनडे टीमः

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद। शमी, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल।

इंग्लैंड वनडे टीमः

जोस बटलर (कप्तान), जो रूट, फिलिप सॉल्ट, हैरी ब्रुक, बेन डकेट, जेमी स्मिथ, जेकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, लियाम लिविंगस्टोन, साकिब महमूद, आदिल राशिद, मार्क वुड, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article