क्रिकेट

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरने से पहले मियां भाई ने इस भारतीय गेंदबाज को लेकर ये क्या कह दिया, जानिए पूरा मामला

IND vs AUS 2nd Test, Mohammed Siraj Statement: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट मुकाबले की शुरुआत 6 दिसंबर से होगी। यह मुकाबला एडिलेड के एडिलेड ओवर में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज मोहम्मद सिराज उर्फ मियां भाई ने अपनी टीम के गेंदबाज को को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने लचर प्रदर्शन के बाद फॉर्म में वापसी का श्रेय भारतीय तेज गेंदबाजी जसप्रीत बुमराह को दिया।

Image

टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ मोहम्मद सिराज। (फोटो- BCCI X)

Photo : Twitter

IND vs AUS 2nd Test, Mohammed Siraj Statement: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में भारत की शानदार जीत में पांच विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लचर प्रदर्शन के बाद फॉर्म में वापसी का श्रेय भारतीय तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह को दिया। यह 30 वर्षीय तेज गेंदबाज घरेलू सत्र में विकेट लेने के लिए जूझ रहा था। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ जो दो मैच खेले उनमें वह केवल दो विकेट ले पाए थे लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में वापसी करने में सफल रहे।

सिराज ने कहा कि पहले टेस्ट में कार्यवाहक कप्तान और दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बुमराह के साथ ऑस्ट्रेलिया के दौरे से पहले बात करने से उन्हें फायदा मिला। सिराज ने प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच में भारत की छह विकेट से जीत के बाद कहा,‘मैं हमेशा जस्सी भाई (बुमराह) से बात करता रहता हूं। यहां तक की पहले टेस्ट मैच से पूर्व भी मैंने उनसे अपनी गेंदबाजी को लेकर बात की थी। उन्होंने मुझसे कहा कि विकेट लेने के लिए आतुर नहीं रहो तथा लगातार एक क्षेत्र में गेंदबाजी करते रहो और अपने खेल का आनंद लो। अगर तब भी विकेट नहीं मिले तो फिर मुझसे बात करना।’

उन्होंने कहा,‘इसलिए मैंने अपनी गेंदबाजी का पूरा आनंद लिया और विकेट भी हासिल किए।’ सिराज ने अपनी गेंदबाजी को लेकर भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण के साथ भी बात की। उन्होंने कहा,‘मैंने भरत सर से भी अपनी गेंदबाजी को लेकर बात की क्योंकि वह मुझे लंबे समय से जानते हैं। उन्होंने भी मुझे अपनी गेंदबाजी का आनंद लेने और विकेट हासिल करने के लिए आतुर नहीं रहने की सलाह दी।’ सिराज ने कहा,‘ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर आने से पहले मैं हैदराबाद में (क्षेत्ररक्षण कोच) दिलीप सर से मिला और हमने साथ में अभ्यास भी किया। इसलिए, यह अच्छा लगा और अब मैं अपनी गेंदबाजी का भरपूरआनंद ले रहा हूं।’

उन्होंने कहा,‘मोर्ने (मोर्कल, भारत के वर्तमान गेंदबाजी कोच) मुझसे कहते रहते हैं कि तुम एक योद्धा हो। तुम हमें विकेट दिलाओगे, लेकिन तुम बस अपनी गेंदबाजी का आनंद लेते रहो।’ प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच में सिराज अच्छी लय में दिख रहे थे, जो गुलाबी गेंद से उनका पहला मैच था। उन्हें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ का विकेट मिला। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच शुक्रवार से एडिलेड में खेला जाएगा। यह दिन रात्रि मैच होगा। यह पहला अवसर होगा जब सिराज दूधिया रोशनी में गुलाबी गेंद से गेंदबाजी करेंगे। सिराज ने कहा, ‘(गुलाबी) गेंद लाल गेंद से अलग है। इसकी सीम बहुत सख्त है। यह चमकदार है। इससे आप जितना अधिक अभ्यास करेंगे उतना बेहतर होगा। मुझे लगता है कि गुलाबी गेंद से बैक लेंथ से गेंदबाजी करना बेहतर होगा।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article