क्रिकेट

IND vs AUS: तीसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया ने बहाया नेट्स पर पसीना, ऑस्ट्रेलियाई टीम भी पहुंची इंदौर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 26, 2023, 05:50 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के साथ-साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनिशप फाइनल का टिकट हासिल करने के इरादे से इंदौर टेस्ट से पहले अभ्यास में जुट चुकी है। रविवार को विराट कोहली ने स्पिनर्स के खिलाफ बहाया पसीना।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम(साभार BCCI)

इंदौर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंबे ब्रेक के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट इंदौर के होलकर स्टेडियम में बुधवार 1 मार्च से खेला जाएगा। शनिवार को भारतीय टीम इंदौर पहुंची और रविवार को नेट्स पर अभ्यास भी शुरू कर दिया। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ दिन दिल्ली में अभ्यास करने के बाद स्टीव स्मिथ की अगुआई में रविवार को इंदौर रवाना हुई।

6 दिन के ब्रेक के बाद एकजुट हुई टीम इंडिया

दिल्ली टेस्ट में तीन दिन में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम 6 दिन के ब्रेक के बाद इंदौर में एकजुट होकर अभ्यास के लिए उतरी। 2-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम की नजर इंदौर में सीरीज जीत के साथ-साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का टिकट पक्का करने पर थी। सीरीज में टीम इंडिया के लिए 2 मैच के अंतर से जीत दर्ज करना जरूरी था और इंदौर में टीम इंडिया उस बाधा को भी पार करने की कोशिश करेगी।

उनादकट टीम से जुड़े, उमेश तीन दिन बाद जुड़ेंगे

सौराष्ट्र के लिए रणजी ट्रॉफी फाइनल में शिरकत करने के बाद जयदेव उनादकट वापस टीम के साथ जुड़ गए हैं। नई दिल्ली टेस्ट से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया था। वहीं पिता का देहांत होने की वजह से उमेश यादव टीम के साथ फिलहाल नहीं जुड़ सके हैं। वो तीन दिन बाद टीम से जुड़ेंगे।

विराट ने स्पिनर्स के खिलाफ किया जमकर अभ्यास

टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिए जूझ रहे विराट कोहली अभ्यास के लिए सबसे पहले मैदान पर उतरे। उन्होंने स्पिनर्स के सामने सबसे ज्यादा अभ्यास किया। विराट वक्त के साथ पिच को रफ करते रहे और स्पिनर्स का सामना करते गए। स्पिनर्स के खिलाफ विराट एक प्लान के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे और लेग साइड में ज्यादा शॉट्स खेल रहे थे।

महाकाल के दरबार में गए राहुल

वहीं दूसरी तरफ खराब फॉर्म से जूझ रहे केएल राहुल ने महाकाल के दर्शन पत्नी आथिया के साथ किए। वो लगातार फॉर्म की वजह से आलोचकों के निशाने पर हैं। उनके इंदौर टेस्ट की एकादश से भी छुट्टी होनी लगभग तय है। ऐसे में भगवान की शरण में उन्होंने बुरा वक्त जल्दी गुजरने की प्रार्थना की होगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article