क्रिकेट के मैदान पर कब क्या हो जाए, कोई नहीं कह सकता। कई क्रिकेटरों को दुनिया ने मैदान पर जान गंवाते देखा है और अब एक बार फिर ऐसी ही दुखद घटना सामने आई है। आस्ट्रेलिया के 17 वर्षीय क्रिकेटर बेन आस्टिन (Ben Austin) की अभ्यास के दौरान गेंद लगने से मौत हो गई। ऑस्टिन को श्रद्धांजलि देने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया दूसरे टी20 मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मेलबर्न के मैदान पर उतरे।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बेन आस्टिन की मंगलवार को अभ्यास के दौरान गले में गेंद लगने से मौत हुई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। उन्हें फर्नट्री गली में अभ्यास के दौरान गेंद गले और सिर में लगी थी। वह टी20 मैच से पहले नेट अभ्यास कर रहे थे। उन्हें हादसे के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। फर्नट्री गली क्रिकेट क्लब ने उनकी मौत की पुष्टि की है।
बीसीसीआई ने एक तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "ऑस्ट्रेलिया और भारतीय क्रिकेट टीम ने उदीयमान क्रिकेटर बेन ऑस्टिन को श्रृद्धांजलि देने के लिये बांह पर काली पट्टी बांधी है। ऑस्टिन की नेट अभ्यास के दौरान गेंद लगने से मौत हो गई थी।"
गौरतलब है कि इससे पहले नवी मुंबई में महिला वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में भारत और आस्ट्रेलिया की महिला टीमों ने भी बाजू पर काली पट्टी बांधकर खेला था। ऑस्टिन ने अभ्यास के वक्त हेलमेट पहना था लेकिन ‘नेकगार्ड ’ नहीं। इस हादसे ने आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज फिलीप ह्यूज की यादें ताजा करा दी। नवंबर 2014 को सिडनी में आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिल ह्यूज ने दम तोड़ा था जब एक प्रथम श्रेणी मैच के दौरान उन्हें बल्लेबाजी करते समय बाउंसर कान के पास लगा था। उस घटना के बाद से क्रिकेट हेल्मेट में सुरक्षा प्रणाली और नियमों को और सख्त किया गया था।
