क्रिकेट

IND vs AUS 1st Test Pitch Report, Nagpur weather: भारत-ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 8, 2023, 08:38 PM IST

IND vs AUS (India vs Australia) 1st Test Match Pitch Report and Nagpur Weather Forecast: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरूवार से नागपुर में चार टेस्ट मैचों की सीरीज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट मैच शुरू होगा। आइए जानते हैं कि पहले टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट क्या कुछ कहती है और अगले पांच दिन कैसा रह सकता है नागपुर का मौसम।

Image

भारत-ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट की पिच रिपोर्ट (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023
  • भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज
  • पहला टेस्ट मैच गुरूवार से नागपुर में होगा

India vs Australia (IND vs AUS) 1st Test Pitch Report and Nagpur Weather Forecast: आखिरकार फैंस का इंतजार खत्म हुआ और मेजबान टीम इंडिया और मेहमान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए चार टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज गुरूवार से हो रहा है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच नागपुर में खेला जा रहा है। ये टेस्ट सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है इसलिए दोनों टीमें इस सीरीज में अपना पूरा जोर लगाएंगी।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सामने भारतीय क्रिकेट टीम के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों की चुनौती भी होगी। ऑस्ट्रेलिया ने हाल में अपने घर में दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम को शिकस्त दी थी जिससे उसका मनोबल बढ़ा हुआ होगा। लेकिन टीम इंडिया भी इस समय बेहद मजबूत नजर आ रही है और नए साल में सीमित ओवर क्रिकेट खेलते हुए टीम के ज्यादातर दिग्गज खिलाड़ी लय में आ चुके हैं। ऐसे में भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज एक रोमांंचक सीरीज होगी इसमें कोई शक नहीं है। आइए जानते हैं कि पहले टेस्ट के लिए नागपुर के वीसीए स्टेडियम की पिच कैसी हो सकती है और कैसा रहेगा नागपुर का मौसम।

कैसी होगी नागपुर की पिच? (IND vs AUS 1st Test Pitch Report)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (VCA Stadium) में खेला जाएगा। इस पांच दिवसीय मुकाबले के लिए उम्मीद की जा रही है कि एक टर्निंग विकेट तैयार किया गया है। भारत में हमेशा से विरोधी टीमों को स्पिनर्स को खेलने में परेशानी हुई है और भारतीय प्रबंधन फिर से उसी तरह की पिच चाहता होगा। ताजा खबरों के मुताबिक पिच क्यूरेटर ने ऐसी ही पिच तैयार की है जो कि स्पिनर्स के लिए मददगार साबित होगी। इस मैदान पर अब तक 6 टेस्ट मैच खेले गए हैं जिसमें चार मैच भारत ने जीते हैं जबकि एक मैच ड्रॉ रहा और एक मैच भारत हारा है।

आखिरी बार यहां 2017 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच हुआ था जो भारत ने पारी और 239 रन से जीता था। भारत की तरफ से पारी में चार बल्लेबाजों ने शतक जड़े थे जबकि गेंदबाजी में अश्विन 4 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। इस मैदान पर सबसे सफल गेंदबाज भी अश्विन ही हैं जिन्होंने 3 मैचों में 23 विकेट झटके हैं। अगर बात करें इस मैदान पर भारत-ऑस्ट्रेलिया टक्कर की, तो दोनों टीमें यहां सिर्फ एक बार 2008 में टकराई थीं जिसमें भारत ने 172 रन से जीत दर्ज की थी।

पांच दिन कैसा होगा नागपुर का मौसम? (Nagpur weather forecast)

टेस्ट मैच में खिलाड़ियों के स्टेमिना और फिटनेस की भी परीक्षा होती है, इसमें मौसम देखना भी महत्वपूर्ण रहता है। नागपुर के मौसम की बात करें तो गुरूवार से सोमवार के बीच अनुमान है कि पांचों दिन यहां धूप खिली रहेगी। पहले दिन थोड़े बादल जरूर छाए रहेंगे लेकिन बारिश की कोई भी संभावना नहीं है। अगर तापमान की बात करें तो पांच दिन यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड से 35 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड से 17 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने के आसार हैं।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article