देश

Vande Mataram Row: 'अपनी और साहेब की नाकामियों से ध्यान भटकाने की कोशिश' ; शाह के माफी की मांग वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमित शाह अब कांग्रेस से माफी की मांग कर रहे हैं ताकि देश के असली मुद्दों और सरकार की कथित नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाया जा सके।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (बाएं) और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (दाएं) (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

‘वंदे मातरम्’ को लेकर छिड़े विवाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस ने अमित शाह के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए माफी की मांग की थी। कांग्रेस ने कहा कि माफी की मांग ‘वास्तविक मुद्दों’ और अमित शाह व उनके ‘साहब की बड़ी नाकामियों’ से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

जयराम रमेश ने अमित शाह पर साधा निशाना

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमित शाह अब कांग्रेस से माफी की मांग कर रहे हैं ताकि देश के असली मुद्दों और सरकार की कथित नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाया जा सके। रमेश ने अमित शाह पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। साथ ही और कहा कि जिस विचारधारा से वह जुड़े हैं, उसने जनवरी 2002 तक अपने संगठन के मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के पीछे अमित शाह की भूमिका रही।

पवन खेड़ा ने भी BJP और संघ पर हमला बोला

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी पलटवार करते हुए कहा कि जब ‘वंदे मातरम्’ का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाई जाती थीं, तब कांग्रेस ने इसी गीत के जरिए आजादी की लड़ाई का बिगुल फूंका था। उन्होंने RSS और संघ से जुड़े लोगों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनकी भूमिका सवालों के घेरे में रही।

कांग्रेस नेताओं ने पुराने राज्यसभा भाषण का वीडियो साझा किया

कांग्रेस नेताओं ने जयराम रमेश के 10 दिसंबर 2025 के राज्यसभा भाषण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया। यह भाषण ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई चर्चा के दौरान दिया गया था। उस दौरान रमेश ने भाजपा पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर, राजेंद्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल समेत कई नेताओं के बीच हुए पत्राचार और चर्चाओं का जिक्र किया था।

रमेश ने कहा था कि 28 अक्टूबर 1937 को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। उन्होंने बताया था कि टैगोर की सलाह के बाद गीत के पहले दो छंदों को अपनाया गया, जिन्हें बाद में राष्ट्रीय गीत के रूप में स्वीकार किया गया।

अमित शाह ने कांग्रेस से की माफी की मांग

इससे पहले रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम्’ को बीच में रुकवाने का इशारा किया। शाह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हजारों लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ गाने के लिए गोलियां और लाठियां झेलीं तथा जेल गए। उन्होंने सोनिया गांधी और कांग्रेस से लोगों तथा ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगने की मांग की।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!