क्रिकेट

भारत-अफगानिस्तान T20 से पहले ओपनिंग के लिए मचा घमासान, सूर्यवंशी नहीं सैमसन के लिए उठी आवाज

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। टीम इंडिया के सामने ओपनिंग के लिए चार दावेदार हैं- अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी।

Image

संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार- BCCI)

IND vs AFG: भारत के पूर्व क्रिकेटर विवेक राजदान ने कहा है कि भारत के T20I कप्तान श्रेयस अय्यर को अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज में नंबर-4 पर ही बल्लेबाजी करनी चाहिए, जबकि संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिलना चाहिए। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ी दुविधा टॉप ऑर्डर को लेकर है, जहां ओपनिंग के लिए चार दावेदार हैं - अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी।

भारत के पूर्व क्रिकेटर ने की संजू की वकालत

IPL में पंजाब किंग्स के लिए नंबर-3 पर खेलने वाले अय्यर टॉप ऑर्डर का विकल्प हो सकते हैं, लेकिन राजदान का मानना है कि कप्तान को अपनी पोजीशन नहीं बदलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है श्रेयस को अपना नंबर नहीं बदलना चाहिए। उन्हें नंबर 4 पर ही रहना चाहिए। टॉप-3 के लिए आपके पास पहले से ही चार नाम हैं। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन हैं, लेकिन तीनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। टीम में पहले से ही कई लेफ्टी हैं। सिर्फ इसलिए किसी को खिलाना कि वह दाएं हाथ का बल्लेबाज है, मैं इससे सहमत नहीं हूं।"

राजदान ने कहा कि बैटिंग ऑर्डर में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन से ज्यादा जरूरी फॉर्म और प्रदर्शन है। उन्होंने कहा, "वह बल्लेबाज कौन है, उसका परफॉर्मेंस कैसा है, यह सबसे जरूरी है। अगर कोई दाएं हाथ का बल्लेबाज परफॉर्म नहीं कर रहा तो आप सात बाएं हाथ के बल्लेबाज भी खिला सकते हैं। परफॉर्मेंस सबसे ऊपर है।" इसके बाद राजदान ने संजू सैमसन को पहले T20I में खिलाने की वकालत की। उन्होंने कहा, "आपके पास एक ऐसा खिलाड़ी है जिसने कुछ महीने पहले ही 200 के स्ट्राइक रेट से 300 से ज्यादा रन बनाए और वर्ल्ड कप जिताया। वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है।"

दोनों टीमों की 9 बार हुई भिड़ंत

उन्होंने माना कि कप्तान अक्सर लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के बारे में सोचते हैं ताकि विरोधी टीम के लिए एक लाइन पर गेंदबाजी करना मुश्किल हो, लेकिन सैमसन के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें टॉप पर मौका मिलना चाहिए। पहले मैच में सभी की नजरें टॉप-ऑर्डर चयन पर रहेंगी, खासकर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर, जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में इंटरनेशनल डेब्यू किया है। यह सीरीज कप्तान के तौर पर अय्यर की पहली घरेलू सीरीज होगी। चोट से उबरने के बाद जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी की टीम में वापसी हुई है। दूसरी तरफ अफगानिस्तान की कप्तानी इब्राहिम जादरान करेंगे, जिन्हें भारत के खिलाफ पहली T20I जीत की तलाश है। दोनों टीमें अब तक 9 बार भिड़ी हैं, जिसमें भारत ने 8 मैच जीते हैं और एक मैच बेनतीजा रहा है।

भारत की T20I टीम:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।

अफगानिस्तान की T20I टीम:

इब्राहिम ज़दरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नंग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article