क्रिकेट

विश्व कप की तैयारी में जुटेगा भारत, अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला वनडे मुकाबला, जानिए धर्मशाला की पिच का कैसा रहेगा हाल

आज (शनिवार) को अफगानिस्तान टूर ऑफ इंडिया 2026 के पहले वनडे मुकाबले में भारत और अफगानिस्तान के बीच भिड़ंत होने जा रही है। ये मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम 2027 विश्व कप की तैयारी इस सीरीज से शुरू करेगी। वहीं अफगानिस्तान की टीम टेस्ट मैच में करारी हार के बाद वनडे में वापसी करना चाहेगी। दोनों टीमें सीरीज में बढ़त बनाने के लिए इस मुकाबले में जीत दर्ज करना चाहेंगी। ऐसे में कड़ा मुकाबला शनिवार को देखने को मिल सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम की पिच का शनिवार को कैसा रहेगा हाल? जानिए मैदान से जुड़े खास आंकड़े और कैसा रहेगा धर्मशाला का मौसम?

Image

भारत बनाम अफगानिस्तान पिच रिपोर्ट

भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम (Himachal Pradesh Cricket Association Stadium, Dharamsala) में खेला जाएगा। इस सीरीज के जरिए भारतीय टीम अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारी शुरू करेगी। रोहित शर्मा की फिटनेस और हार्दिक पंड्या के बैकअप नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। इस सीरीज में भारत की कप्तानी शुभमन गिल (Shubman Gill) कर रहे हैं। वहीं अफगानिस्तान की कमान हशहमतुल्लाह शाहिदी (Hashmatullah Shahidi) के हाथों में है। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1:00 बजे होगा। विराट कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण इस सीरीज से बाहर हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। धर्मशाला में अब तक कुल 9 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। जिसमें से पांच मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं और चार मैचों में चेज करने वाली टीम को जीत मिली है। यहां का औसत स्कोर 270 रन है। 2014 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यहां 364 रन का विशाल स्कोर बनाया था।अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में करारी हार झेली थी, लेकिन वनडे में उसकी टीम मजबूत है। राशिद खान की वापसी से अफगानिस्तान को मजबूती मिली है। 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान सेमीफाइनल के करीब पहुंच गया था।

भारत-अफगानिस्तान हेड टू हेड (India vs Afghanistan)

दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड में भारत का पलड़ा भारी है। दोनों के बीच अब तक कुल 6 वनडे मैच खेले गए हैं। इसमें से 4 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि एक मैच टाई और एक मैच बेनतीजा रहा है। दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत 2023 वर्ल्ड कप में हुई थी। जहां भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से मात दी थी।

भारत बनाम अफगानिस्तान आज की पिच रिपोर्ट (IND vs AFG 1st ODI Today Pitch Report)

आज भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। समुद्र तल से 1317 मीटर की ऊंचाई पर बना यह मैदान तेज गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। काली मिट्टी से बनी इस पिच पर शुरुआती ओवरों में अच्छा बाउंस और कैरी मिलती है। नई गेंद से अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, फरीद अहमद मलिक और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे पेसर्स को स्विंग और सीम मिल सकती है। हालांकि, 10-15 ओवर के बाद पिच सेटल हो जाती है और बल्लेबाजी आसान हो जाती है। यहां बीच के ओवरों में पिच थोड़ी धीमी हो जाती है, जिससे स्पिनर्स कुलदीप यादव, राशिद खान, वॉशिंगटन सुंदर का रोल अहम हो जाएगा। धर्मशाला में ओस का असर भी दूसरी पारी में नजर आएगा, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है। धर्मशाला में जून में तापमान 22-26 डिग्री के आसपास रहता है। इस मैच में बारिश की संभावना नहीं है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 270 रन है।

पहले वनडे में भारत और अफगानिस्तान के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In IND vs AFG 1st ODI)

भारत-अफगानिस्तान के बीच पहले वनडे में कई खिलाड़ियों पर सबकी नजरें रहेंगी। भारत के फैन्स की नजरें रोहित शर्मा (Rohit Sharma), शुभमन गिल (Shubman Gill), श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer), केएल राहुल (KL Rahul), नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy), कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav), अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) पर रहेंगी। वहीं अफगानिस्तान के फैन्स की नजरें रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz), इब्राहिम जादरान (Ibrahim Zadran), हशमतुल्लाह शाहिदी (Hashmatullah Shahidi), मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi), राशिद खान (Rashid Khan), अजमतुल्लाह उमरजई (Azmatullah Omarzai) पर रहेंगी।

भारत और अफगानिस्तान की वनडे टीम (India vs Afghanistan ODI Full Squads)

भारतीय टीम का फुल स्क्वॉड:

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।

अफगानिस्तान टीम का फुल स्क्वॉड:

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलिखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, बिलाल सामी, नांगेयालिया खरोती, फरीद अहमद मलिक, एएम गजनफर, मोहम्मद नबी, राशिद खान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान, जिया उर रहमान शरीफी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article