ICC Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुक्रवार 12 जून से इंग्लैंड में शुरू हो रहा है। यह टूर्नामेंट पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और रोमांचक होगा। पहली बार 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 33 मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होगा। यह 2009 के बाद ब्रिटेन में हो रहा पहला वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप है। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया सातवें खिताब के लिए उतरेगी, लेकिन इस बार उसका दबदबा तोड़ने के लिए भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और गत चैंपियन न्यूजीलैंड जैसी टीमें तैयार हैं। पिछले साल 50 ओवर का विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत एक ही साल में वनडे और टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दूसरी टीम बनना चाहेगा।
पहली बार खेलेंगी 12 टीमें
2024 की तुलना में इस बार आयरलैंड और नीदरलैंड भी टूर्नामेंट में शामिल हुई हैं। इससे साफ है कि महिला क्रिकेट दुनिया भर में मजबूत हो रहा है। सभी टीमों को बराबरी का मौका मिल रहा है और नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। इंग्लैंड के पास ऐलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन और फ्रेया कैम्प जैसी युवा खिलाड़ी हैं। श्रीलंका की टीम में विश्मी गुणरत्ने, इमेशा दुलानी और कविशा दिलहारी दम दिखाएंगी। भारत के पास एन श्री चरणी, यस्तिका भाटिया और नंदनी शर्मा जैसी युवा स्टार हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास जॉर्जिया वोल और लूसी हैमिल्टन जैसी नई प्रतिभाएं हैं। न्यूजीलैंड की 25 वर्षीय कप्तान अमेलिया केर भी चर्चा में हैं।
ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत दावेदार
दक्षिण अफ्रीका ने कायला रेनेके और एनेरी डर्कसेन जैसे युवाओं के साथ अनुभवी शबनिम इस्माइल और डैन वैन नीकर्क को संन्यास से वापस बुलाया है। ऑस्ट्रेलिया अब भी सबसे मजबूत दावेदार है। बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिस पेरी, एशले गार्डनर और मेगन शट जैसी दिग्गज टीम में हैं। कप्तान सोफी मोलिन्यु के सामने टीम को एकजुट रखने की चुनौती होगी। श्रीलंका, वेस्टइंडीज और आयरलैंड पर उम्मीदों का बोझ नहीं है, इसलिए वे उलटफेर कर सकती हैं। टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।
12 जून का मैच: इंग्लैंड बनाम श्रीलंका, भारतीय समयानुसार रात 11:00 बजे से।
इंग्लैंड टीम: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, ऐलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकली, सोफी एक्लेस्टन, लॉरेन फिलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया कैम्प, हीथर नाइट, लिंसी स्मिथ, इसी वोंग, डैनी वायट-हॉज।
श्रीलंका टीम: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, विश्मी गुणरत्ने, हर्षिता समराविक्रमा, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कवीशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना, सुगंधिका दासनायका, निमाशा मधुशानी, काव्या कविंदी, मल्की मादारा, मिथाली अयोध्या, चेथना विमुक्ति।
