क्रिकेट

AUS W vs SA W: दक्षिण अफ्रीका को रौंदकर ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में भारत के साथ भिड़ंत की पक्की, किंग ने चटकाए 7 विकेट

ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को पटखनी देकर अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में भारत के साथ अपनी भिड़ंत पक्की कर ली है। जानिए कैसा रहा दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच इंदौर में खेले गए मुकाबले का हाल।

Image

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

इंदौर: लेग स्पिनर अलाना किंग की करिश्माई गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में सात विकेट से हराकर शनिवार को यहां लीग चरण का समापन तालिका में शीर्ष स्थान पक्का करते हुए किया। ऑस्ट्रेलिया के सामने अब 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में खेले जाने वाले सेमीफाइनल में भारत की चुनौती होगी क्योकि भारत रविवार को अपने अंतिम लीग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज कर भी तालिका में चौथे स्थान से ऊपर नहीं बढ़ सकता है।

97 रन पर ढेर हुई दक्षिण अफ्रीकी टीम

किंग (सात ओवर में 18 रन देकर सात विकेट) ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। दक्षिण अफ्रीका की टीम 24 ओवर में महज 97 रन पर आउट हो गयी। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने इसके बाद 199 गेंद शेष रहते आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया। किंग ने अपनी फिरकी की जादू से एक बार फिर साबित किया कि वह मौजूदा दौर में कलाई की सबसे कुशल स्पिनरों में से एक हैं। उन्होंने महिला वनडे में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

किंग ने किया महिला विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

यह महिला वनडे में ऑस्ट्रेलिया के किसी गेंदबाज के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ विश्व कप मैच में किसी गेंदबाज द्वारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने सलामी बल्लेबाज फोबे लिचफील्ड (पांच) और अनुभवी एलिस पेरी (शून्य) के विकेट जल्दी गंवा दिये। बेथ मूनी (42) और जॉर्जिया वोल (नाबाद 38) ने तीसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया के अपराजित अभियान को आगे बढ़ाया। किंग ने सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, मारियान काप और क्लो ट्रायोन जैसी बल्लेबाजों को चलता किया।

अच्छी शुरुआत के बाद दक्षिण अफ्रीका ने टेके घुटने

लौरा वोल्वार्ड्ट (31) शुरुआत में ही शानदार फॉर्म में दिखीं और उन्होंने पहले छह ओवरों में सात चौके जड़े। उन्होंने मेगन शट्ट की बेतरतीब लाइन का पूरा फायदा उठाया और एक ही ओवर में चार चौके जड़ दिए। वोल्वार्ड्ट की आत्मविश्वास से भी पारी का अंत शट्ट की गेंद पर हुआ तब किंग ने शॉर्ट मिड-विकेट पर उनका शानदार कैच लपका। इसके तुरंत बाद ताजमिन ब्रिट्स की 19 गेंदों पर छह रन की पारी को किम गार्थ ने खत्म किया। इसके बाद किंग की स्पिन के सामने दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाज पूरी तरह से असहज दिखीं। उन्होंने पहले सुने लुस को चलता किया जो आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश में मिड-ऑन पर एनाबेल सदरलैंड को आसान कैच थमा बैठीं।

नाकाम रहे द. अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाज

किंग ने इसके चार गेंदबाज मारियान काप को बड़ा शॉट खेलने लिए ललचाया और यह खिलाड़ी उनकी चाल में फंस गयी। काप स्क्वायर के पीछे गर्थ को कैच दे बैठीं, जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 43 रन हो गया। सिनालो जाफ्ता (29) ने 15वें ओवर में एनाबेल सदरलैंड की गेंदों पर तीन चौके जड़कर वापसी की कोशिश की लेकिन किंग ने अगले ओवर एनेरी डर्कसन को बोल्ड करने के बाद क्लो ट्रायोन को मिड-विकेट पर एश्ले गार्डनर के हाथों कैच कराकर दबदबा बनाये रखा। जाफ्ता ने नादिन डी क्लार्क के साथ मिलकर संघर्ष जारी रखते हुए पांच चौके जड़े, लेकिन किंग ने उनके ऑफ स्टंप को उखाड़कर इस पारी को खत्म किया। दक्षिण अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाज इसके बाद ज्यादा देर नहीं टिक सके और पूरी टीम 100 रन से पहले आउट हो गयी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article