क्रिकेट

बांग्लादेश की जगह टी20 विश्व कप 2026 में खेलेगा स्कॉटलैंड, आईसीसी ने जारी किया बयान

आईसीसी ने शनिवार शाम आधिकारिक तौर पर बांग्लादेश के टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के ऐलान कर दिया है। उसकी जगह टूर्नामेंट में जगह स्कॉटलैंड की टीम लेगी। पढ़ें आईसीसी का पूरा बयान।

Image

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (फोटो क्रेडिट ICC)

दुबई: आईसीसी ने शनिवार (24 जनवरी, 2026) को बांग्लादेश के टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने का ऐलान कर दिया। आईसीसी ने औपचारिक तौर पर घोषणा करते हुए कहा, बांग्लादेश अब आने वाले आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगा, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने जारी किए गए मैच शेड्यूल के अनुसार टूर्नामेंट में भाग लेने से इनकार कर दिया था।

स्कॉटलैंड लेगा विश्व कप में बांग्लादेश की जगह

आईसीसी के बयान में कहा गया, स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह लेने के लिए बुलाया गया है, जिसमें इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्टइंडीज भी शामिल हैं। यह घोषणा आईसीसी द्वारा बांग्लादेश के सुरक्षा कारणों से विश्व कप के अपने भारत में खेले जाने वाले मैचों को श्रीलंका ट्रांसफर करने का अनुरोध किया था जिसे आईसीसी ने नकार दिया था। भारत में सुरक्षा का मूल्यांकन आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञों द्वारा किए गए थे।

अंतिम वक्त में नहीं पूरी की जा सकती थी मांग

आईसीसी द्वारा जारी बयान में कहा गया, आईसीसी बोर्ड ने यह मुश्किल फैसला किया है, टूर्नामेंट से ठीक पहले बीसीबी के अनुरोध को पूरा कर पाना संभव नहीं है। यह फैसला ICC ने BCB द्वारा भारत में अपने तय मैचों की मेजबानी के बारे में उठाई गई चिंताओं को दूर करने के लिए की गई एक लंबी प्रक्रिया के बाद लिया गया है। तीन सप्ताह से ज्यादा समय तक ICC ने BCB के साथ कई दौर में पारदर्शी और रचनात्मक बातचीत की गई। जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंस और प्रत्यक्ष बैठकें शामिल थीं।

कई दौर की बैठक के बाद हुआ फैसला

इस प्रक्रिया के दौरान ICC ने BCB द्वारा बताई गई चिंताओं की समीक्षा की; आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञों से स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकन करवाए और उन पर विचार किया। केंद्र और राज्य सरकारों के साथ सुरक्षा प्रोटोकॉल साझा किए। सुरक्षा के संबंध में मिले आश्वासनों को कई चरणों में दोहराया गया। 'ICC के आकलन से यह निष्कर्ष निकला कि भारत में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम, अधिकारियों या समर्थकों को कोई विश्वसनीय या सत्यापित सुरक्षा खतरा नहीं था। इन निष्कर्षों को देखते हुए और व्यापक प्रभावों पर सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद ICC ने तय किया कि जारी किए गए इवेंट शेड्यूल में बदलाव करना उचित नहीं है।

तय सीमा में नहीं दिया पीसीबी ने सकारात्मक जवाब

बुधवार (21 जनवरी, 2026) को एक बैठक के बाद, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पुष्टि के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था। चूंकि, समय सीमा के भीतर कोई पुष्टि नहीं मिली, इसलिए ICC रिप्लेसमेंट टीम की पहचान करने की प्रक्रिया में आगे बढ़ा।'

स्कॉटलैंड है वर्तमान में टॉप रेटेड टीम

वर्तमान में स्कॉटलैंड सबसे ऊंची रैंक वाली T20I टीम है जो मूल रूप से T20 विश्व कप क्वालिफिकेशन से चूक गई थी। वे वर्तमान में 14वें स्थान पर हैं, जो अन्य प्रतिस्पर्धी टीमों नामीबिया, संयुक्त अरब अमीरात, नेपाल, USA, कनाडा, ओमान और इटली से आगे है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article