क्रिकेट

अफगानिस्तान की महिला क्रिकेटरों को वैश्विक टूर्नामेंट से जुड़ने का आईसीसी देगा मौका

आईसीसी ने सिंगापुर में आयोजित अपनी सालाना बैठक में ऑस्ट्रेलिया में निर्वासित अफगानिस्तान की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को वैश्विक टूर्नामेंट्स के साथ जुड़ने का मौका देने का फैसला किया है।

Image

अफगानिस्तान महिला क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @HabibKhanT X)

सिंगापुर: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को अपने वार्षिक सम्मेलन के दौरान कहा कि तालिबान शासन के कारण देश को छोड़ने वाली अफगानिस्तान की विस्थापित महिला क्रिकेटरों को अगले दो वैश्विक प्रतियोगिताओं के दौरान जुड़ाव के महत्वपूर्ण मौके मिलेंगे। अफगानिस्तान की महिला टीम इस साल के अंत में भारत और श्रीलंका में होने वाले महिला एकदिवसीय विश्व कप और 2026 में इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप में शामिल होंगी।

अफगानिस्तान की मदद के लिए एक साथ आएंगे बिग थ्री

आईसीसी की हरारे में पिछली बैठक के दौरान यह तय किया गया था कि तीन सबसे अमीर क्रिकेट बोर्डों (भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया) के प्रतिनिधियों वाली एक शीर्ष समिति अफगानिस्तान की महिला क्रिकेटरों की मदद के लिए एक साथ आएगी। अफगानिस्तान की ज्यादातर महिला क्रिकेटर तालिबान के सत्ता में आने के बाद ऑस्ट्रेलिया चली गई थीं। आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा,'अफगान मूल की विस्थापित महिला क्रिकेटरों का समर्थन करने के लिए आईसीसी की पहल के तहत खिलाड़ियों को वैश्विक टूर्नामेंट से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।'

खिलाड़ियों को दिए जाएंगे जुड़ाव के मौके

आईसीसी की विज्ञप्ति में यह तो नहीं बताया गया कि इन दो वैश्विक टूर्नामेंट के दौरान उन्हें किस तरह के ‘जुड़ाव के मौके’ प्रदान किए जाएंगे। यह पता चला है कि अफगान महिला क्रिकेटरों को अन्य टीमों की खिलाड़ियों से मुलाकात और बातचीत करने के अलावा आईसीसी की देखरेख में होने वाले अंतरराष्ट्रीय कोचों द्वारा आयोजित कार्यशालाओं में भाग लेने का मौका मिलेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article