क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज T20I शतक लगाने वाले खिलाड़ी पर ICC ने लगाया जुर्माना

टी20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तूफानी शतक लगाने वाले खिलाड़ी पर आईसीसी ने जुर्माना लगाया है। 24 महीने की अवधि में इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का यह पहला अपराध था, इसलिए जुर्माने के अलावा टिम डेविड पर एक डिमेरिट अंक भी लगाया गया।

Image

टिम डेविड (साभार-ICC)

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड पर 28 जुलाई को सेंट किट्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 मैच के दौरान असहमति जताने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के मुताबिक टिम डेविड ने आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन किया, जो 'अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने' से संबंधित है।

यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के पांचवें ओवर में हुई, जब अल्जारी जोसेफ की लेग साइड में फेंकी गई गेंद को वाइड नहीं करार दिया गया। इसके जवाब में, डेविड ने विरोध में अपनी बाहें फैलाकर नाराजगी जताई। यह कृत्य आचार संहिता के तहत अनुचित माना गया। चूंकि 24 महीने की अवधि में इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का यह पहला अपराध था, इसलिए जुर्माने के अलावा टिम डेविड पर एक डिमेरिट अंक भी लगाया गया।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने आईसीसी अंतरराष्ट्रीय पैनल के मैच रेफरी रॉन किंग की ओर से प्रस्तावित दंड को स्वीकार कर लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह आरोप आधिकारिक तौर पर मैदानी अंपायर जाहिद बसराथ और लेस्ली रीफर, थर्ड अंपायर डेइटन बटलर और फोर्थ अंपायर ग्रेगरी ब्रैथवेट की ओर से लगाया गया था।

आईसीसी के नियमों के अनुसार, लेवल-1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम दंड आधिकारिक फटकार और अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस के साथ एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाते हैं। अगर कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या इससे अधिक डिमेरिट अंक पाता है, तो उस पर प्रतिबंध लग सकता है।

दो सस्पेंशन प्वाइंट्स का मतलब है कि खिलाड़ी को एक टेस्ट मैच या दो वनडे/टी20 मैचों से निलंबित किया जाएगा। यह इस पर निर्भर करता है कि अगला मुकाबला किस फॉर्मेट का है। डिमेरिट अंक खिलाड़ी के रिकॉर्ड में दो साल तक बने रहते हैं, उसके बाद उन्हें हटा दिया जाता है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article