क्रिकेट

अजीबोगरीब तरीके से रन आउट होने वाले सलमान अली आगा को आईसीसी ने लगाई फटकार

आईसीसी ने सलमान अली आगा को फटकार लगाई है। दूसरे वनडे मैच के दौरान उन्हें लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। दूसरे मैच के दौरान वह अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो गए थे। मैच के बाद इसको लेकर खूब चर्चा हुई थी।

Image

सलमान अली आगा (साभार-ANI)

आईसीसी ने पाकिस्तान के खिलाड़ी सलमान अली आगा को शुक्रवार को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन करने का दोषी पाया है। मैच के दौरान उन्हें आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जिसके तहत "अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या वस्त्र, मैदान उपकरण या फिटिंग के दुरुपयोग शामिल है। उन्हें आईसीसी ने एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया है।

यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में घटी , जब रन आउट होने के बाद आगा ने अपने ग्ल्वस और हेलमेट को अनुचित तरीके से जमीन पर फेंक दिया था।

आगा ने अपराध स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के नीयमुर राशिद राहुल द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं है। मैदान पर मौजूद अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक और तनवीर अहमद, तीसरे अंपायर कुमार धर्मसेना और चौथे अंपायर मसूदुर रहमान मुकुल ने यह आरोप लगाया।

लेवल 1 के उल्लंघन में न्यूनतम दंड के रूप में आधिकारिक फटकार, अधिकतम दंड के रूप में खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट दिए जाते हैं। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रनों से हराकर (डीएलएस नियम) तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है और रविवार को निर्णायक मैच में मेजबान टीम से भिड़ेगी। पहला मुकाबला गंवाने के बाद पाकिस्तान ने दूसरे मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की थी। अब रविवार को होने वाला मुकाबला निर्णायक होने वाला है। जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमाएगी। पाकिस्तान के लिए यह सीरीज अहम है क्योंकि इस सीरीज में उसने कई ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया है जिन्होंने इस सीरीज के दौरान डेब्यू किया। टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद पहले से ही टीम के कुछ खिलाड़ी सवालों के घेरे में हैं। ऐसे में अगर बांग्लादेश सीरीज जीतने में कामयाब हो जाती है तो इन खिलाड़ियों पर गाज गिर सकती है। बाबर आजम और सैम अयूब जैसे खिलाड़ी पहले से ही नहीं खेल रहे हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article