सिंगापुर: आईसीसी ने अपनी सालाना बैठक में इस बात पर मुहर लगा दी है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल अगले तीन चक्र में भी इंग्लैंड में ही खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने चौथे चक्र का फाइनल भारत में आयोजित करने की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया है कि साल 2027 से 2031 तक आयोजित होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे, पांचवें और छठे चक्र का खिताबी मुकाबला भी इंग्लैंड में ही खेला जाएगा। इससे पहले साल 2021, 2023 और 2025 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले इंग्लैंड साउथैम्पटन, ओवल और लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए थे। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) द्वारा इसकी शुरुआत से ही आयोजित किया जाता रहा है और अब अगले तीन संस्करण भी इंग्लैंड में ही होंगे।
इंग्लैंड ही रहेगा WTC फाइनल का मेजबान
आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा, 'इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड को अगले तीन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी का अधिकार दिया गया है। डब्ल्यूटीसी फाइनल के पहले तीन चरण इंग्लैंड के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए गए थे जिनमें से हाल का फाइनल पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स में आयोजित किया गया था।'
इंग्लैंड में जून में सबसे कम होती है मौसम की बाधा
डब्ल्यूटीसी चक्र का कार्यक्रम इस प्रकार है कि जून में इंग्लैंड में मौसम की बाधा सबसे कम होती है। ऑस्ट्रेलिया का क्रिकेट सत्र अक्टूबर से मार्च तक चलता है। ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा, 'हमें बेहद खुशी है कि इंग्लैंड एवं वेल्स को अगले तीन आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी के लिए चुना गया है। इन फाइनल्स की मेजबानी करना सम्मान की बात है और हम पिछले चरणों की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए आईसीसी के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।'
आईसीसी को मिले दो नए सदस्य
भारत की बात करें तो स्टेडियम में दर्शकों के लिहाज से टेस्ट क्रिकेट सबसे लोकप्रिय प्रारूप नहीं है और अगर भारत फाइनल नहीं खेलता है तो शीर्ष क्रिकेट खेलने वाले देशों के फाइनल मैच खेलने पर भी दर्शकों की संख्या नगण्य ही रहेगी। आईसीसी ने साथ ही तिमोर लेस्ते क्रिकेट महासंघ और जाम्बिया क्रिकेट संघ के रूप में दो नए सदस्यों का भी स्वागत किया जिन्हें सहयोगी सदस्यों के रूप में शामिल किया गया है। अब इससे आईसीसी की कुल सदस्यों की संख्या 110 हो गई है।
अमेरिका को दिया है प्रशासनिक सुधार के लिए अतिरिक्त समय
वहीं अमेरिका क्रिकेट को व्यापक प्रशासनिक सुधार करने के लिए तीन अतिरिक्त महीने का समय दिया गया है जिसमें इस अवधि के भीतर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना भी शामिल है। अन्य घोषणाओं के अलावा गुरुमूर्ति पलानी (फ्रांस क्रिकेट), अनुराग भटनागर (क्रिकेट हांगकांग, चीन) और गुरदीप क्लेयर (क्रिकेट कनाडा) को आईसीसी मुख्य कार्यकारी समिति (सीईसी) में एसोसिएट सदस्य प्रतिनिधि के रूप में चुना गया।
