दुबई: भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल पारिवारिक इमरजेंसी के कारण दक्षिण अफ्रीका रवाना हो गए हैं। वह शनिवार को भारतीय टीम के साथ दुबई पहुंचे और बुधवार से शुरू हो रही चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले शुरूआती अभ्यास सत्र में भी मौजूद थे। सोमवार को मोर्केल टीम के साथ दूसरे अभ्यास सत्र के दौरान नहीं थे। उनके कंधों पर जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की गेंदबाजी को मजबूत करने का दारोमदार था। ऐसे में अचानक उनके पारिवारिक कारणों से स्वदेश लौटने से टीम इंडिया को करारा झटका लगा है।
पिता का हो गया है देहांत: रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबित मोर्केल के पिता का देहांत हो गया है। इस वजह से उन्हें अफरातफरी में दुबई से दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्केल को पिछले साल सितंबर में टीम इंडिया का गेंदबाजी कोच बनाया गया था। पिछले छह महीने से वो टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों के साथ काम कर रहे हैं। भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर है जिससे तेज आक्रमण का दारोमदार मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा पर है जबकि हार्दिक पांड्या चौथा विकल्प हैं।
भारत 20 फरवरी को खेलगा पहला मुकाबला
भारतीय टीम को ग्रुप ए में जगह मिली है। जिसमें उसके साथ पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीम है। भारत को पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश से खेलना है। दूसरे मैच में भारतीय टीम 23 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया अपना आखिरी ग्रुप मैच 2 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी।
