Afghanistan New Captain: टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन का साइड-इफेक्ट दिखने लगा है। टी20 के सबसे सफल गेंदबाज और 700 से ज्यादा विकेट ले चुके इकलौते गेंदबाज राशिद खान पर यह गाज गिरी है। अफगानिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीजी के लिए जो टीम की घोषणा की है, उसमें कप्तानी की जिम्मेदारी इब्राहिम जादरान को सौंपी गई है। टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान की टीम लीग स्टेज से हारकर बाहर हो गई थी। श्रीलंका के खिलाफ अब टीम की कमान इब्राहिम जादरान को सौंप दी गई है। ऐसा नहीं है कि स्क्वॉड में राशिद खान का नाम नहीं है। स्क्वॉड में राशिद खान का नाम है, लेकिन कप्तान जादरान को बनाया गया है।
कप्तान बदलने पर क्या बोले चीफ सेलेक्टर?
अफगानिस्तान के चीफ सेलेक्टर अहमद शाह सुलीमनखील (Ahmad Shah Sulimankhil) ने कहा कि राशिद की कप्तानी में टीम ने काफी कुछ हासिल किया। 2024 टी20 वर्ल्ड में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जादरान को यह जिम्मेदारी भविष्य को देखते हुए दी गई है।
स्क्वॉड में किया गया बदलाव
चीफ सेलेक्टर अहमद शाह ने कहा कि टीम में कुछ और बदलाव किए गए हैं। फजलहक फारुकी, गुलबदीन नईब और मोहम्मद इशाक को टीम में जगह नहीं मिली है। जब टीम में राशिद कप्तान थे तो जादरान उप-कप्तान थे। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में अच्छी बैटिंग की थी।
अफगानिस्तान का टी20 स्क्वॉड-टी20 टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर्र रहमान, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और अब्दुल्ला अहमदजई।
अफगानिस्तान का वनडे स्क्वॉड-हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज़, इकराम अलिखिल, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दार्विश रसूली, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, एएम गजनफर, जिया उर्र रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और बिलाल सामी।
