IND vs PAK Asia Cup Match: भारत 8 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप 2025 में टी20 विश्व कप 2024 के बाद पहली बार पाकिस्तान से भिड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच यह बड़ा मुकाबला - जो ग्रुप ए का मुकाबला होगा - रविवार, 14 सितंबर को होगा। पहलगाम में हुए नृशंस आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों की पृष्ठभूमि में, इस मैच के खिलाफ काफी आलोचना हुई है, और कई लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस स्थिति में यह मैच खेला भी जाना चाहिए। अब, पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज बासित अली ने प्रार्थना की है कि यह मैच बिल्कुल न हो।
द गेम प्लान यूट्यूब चैनल पर एक बातचीत में, बासित अली ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के साथ खेलने से इनकार कर देगा, जैसा कि उन्होंने हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में किया था, क्योंकि टीम इंडिया उन्हें पूरी तरह से हरा देगा।बासित अली ने कहा, "मैं दुआ करता हूँ कि भारत एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दे, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में किया था। इतनी बुरी तरह मारेंगे न वो, कि आपकी सोच है।"
अब सवाल ये है कि बासित अली को ऐसा क्यों कहना पड़ रहा है। इसके पीछे हाल के कुछ नतीजे हैं। दरअसल, हाल ही में त्रिनिदाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के अंतिम मैच में पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 294/6 का स्कोर बनाया, जिसमें फॉर्म में चल रहे कप्तान शाई होप का विशाल शतक शामिल था। जस्टिन ग्रीव्स ने भी 24 गेंदों में 43 रन बनाए। इसके बाद मेजबान टीम ने जेडन सील्स के रिकॉर्ड 6 विकेट की बदौलत मेहमान टीम को 92 रनों पर ढेर कर दिया। इस तरह उन्होंने यह मुकाबला 202 रनों से जीत लिया।
इस तरह पाकिस्तान 1975 के बाद पहली बार कोई वनडे मुकाबला 200 रनों के अंतर से हार गया। दरअसल, पाकिस्तान ने सीरीज भी 1-2 से गंवा दी, जो 34 साल बाद कैरेबियाई टीम के खिलाफ उसकी पहली वनडे सीरीज हार थी। इस हार के कारण ही बासित अली व कुछ अन्य पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों के सुर बदले हुए लग रहे हैं।
