क्रिकेट

गुजरात के खिलाफ शतकवीर बने तिलक वर्मा ने खोला राज, बताया काम आई रोहित शर्मा की ये सलाह

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले तिलक वर्मा ने बताया है कि गुजरात के खिलाफ रोहित शर्मा की किस सलाह ने उनकी शतक जड़ने में मदद की।

Image

तिलक वर्मा (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

मुंबई: तिलक वर्मा ने बुधवार को बताया कि रोहित शर्मा ने उन्हें आईपीएल में शतक लगाकर फॉर्म में लौटने में मदद की जब उन्होंने सलाह दी कि मैच की स्थिति के बारे में अधिक सोचे बिना शुरुआती 15 से 20 गेंद खेलो। तिलक ने नाबाद 101 रन बनाए जिससे मुंबई इंडियंस ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर लगातार चार मैच में हार का सिलसिला तोड़ दिया। तिलक ने 45 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाए। उनकी शुरुआत हालांकि धीमी रही थी और एक समय बाएं हाथ का यह बल्लेबाज 22 गेंद पर 19 रन बनाकर खेल रहा था।

रोहित शर्मा ने दी थी 15 से 20 गेंद खेलने की सलाह

तिलक ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर संवादाताओं से कहा,'मैं खास तौर पर रोहित भाई से बात कर रहा था। उन्होंने मुझे कहा ’15-20 गेंद खेलो’और तुम जानते हो कि तुम क्या कर सकते हो। अगर तुम 15 गेंदें खेल लेते हो तो हर कोई जानता है कि उसके बाद तुम क्या करोगे। बस स्थिति या किसी और चीज के बारे में मत सोचो, 15 गेंद खेलो और हम देखेंगे कि नतीजा क्या होता है।'

मैंने मन में ठान ली थी 15 गेंद वाली बात

तिलक ने कहा, 'इससे मुझे आत्मविश्वास मिला और मैंने अपने मन में ठान लिया कि मैं 15 गेंद खेलूंगा और उसके बाद बाकी चीजें देखूंगा। जब मैंने वे 15 गेंद खेल लीं तो अपने आप ही व्यावहारिक रूप से समझ आ गया कि मुझे बड़े शॉट लगाने हैं।'

सूर्या भी हैं फॉर्म से एक पारी दूर

तिलक ने कहा कि आईपीएल की खराब शुरुआत के बाद उन्होंने खुद पर कोई दबाव नहीं लिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले मैच से पूर्व 20, 00, 14, 01 और 08 रन बनाए थे। उन्होंने कहा,'(पिछले कुछ मैच में) मुझे विकेट पर अधिक समय नहीं मिला और मुझे शुरू से ही बड़े शॉट लगाने पड़े। कभी-कभी गेंद मेरे बल्ले पर आती है और कभी-कभी मैं आउट हो जाता हूं इसलिए मैंने इस बात का अधिक दबाव नहीं लिया कि मैं अच्छी फॉर्म में नहीं हूं।' तिलक ने कहा कि मौजूदा आईपीएल में अब तक सिर्फ एक अर्धशतक जड़ने वाले सूर्यकुमार यादव एक बड़ी पारी खेलने से अधिक दूर नहीं हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article