भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने बुधवार को बीसीसीआई (BCCI) की सीनियर चयन समिति के चेयरमैन पद से हट रहे अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) की जमकर तारीफ की है। गौतम गंभीर ने कहा है कि इतिहास उनके प्रति मेहरबान रहेगा, क्योंकि उनके कार्यकाल में देश ने तीन ICC ट्रॉफी जीतीं और इसमें 'टीम सबसे पहले' वाली उनकी सोच का अहम रोल था।
गौरतलब है कि बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर का कार्यकाल पिछले महीने खत्म हो गया और BCCI ने मंगलवार को खाली पद को भरने के लिए आवेदन भी मंगा लिए। यह कदम कई हफ्तों तक चली उस अटकलबाजी के बाद उठाया गया कि क्या उन्हें कार्यकाल बढ़ाने का मौका दिया जाएगा।
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अजीत अगरकर की तारीफ करते हुए 'X' पर पोस्ट किया, "प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही। वो 3 ICC ट्रॉफी आपकी सोच का सबूत हैं। टीम सबसे पहले और टीम हमेशा आगे... मैं जरूर कहूंगा कि इतिहास आपके प्रति मेहरबान रहेगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके भविष्य के कामों के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं!!"
अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारत ने 2024 और 2026 का T20 वर्ल्ड कप और 2025 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। इस दौरान उन्होंने टीम में बदलाव के दौर को संभाला, जिसमें भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का T20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना शामिल था।
अजीत अगरकर को सख्त फैसले लेने वाला माना जाता था और उन्होंने इस बारे में कोई साफ बात नहीं कही कि क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 में आयोजित होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा होंगे या नहीं। फिलहाल, विराट और रोहित ने हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज में शतक जड़े जिसके बाद अब ये तकरीबन पुष्टि होती दिख रही है कि वर्ल्ड कप 2027 के लिए दोनों दिग्गज बल्लेबाज फिट और तैयारियों के लिए तरह से कमर कसे हुए हैं।
