Heinrich Klaasen Retirement: द.अफ्रीका के विस्फोटक खिलाड़ी ने एक चौंकाने वाला निर्णय लेते हुए सभी को हैरान कर दिया है। दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ने केवल 33 साल की उम्र में ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेंट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। क्लासेन टेस्ट टीम से तो बाहर चल रहे थे लेकिन वनडे और टी20 में काफी एक्टिव थे और टीम को उनसे काफी उम्मीदें थी लेकिन उनके अचानक रिटायरमेंट से क्रिकेट जगत भी हैरान है। हेनरी क्लासेन ने अपने संन्यास का ऐलान इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर किया है जिसमें उन्होंने अपने फैंस का धन्यवाद किया है।
हेनरी क्लासेन ने अपने भावुक रिटायरमेंट पोस्ट में लिखा कि 'यह मेरे लिए दुखद दिन है क्योंकि मैं घोषणा करता हूँ कि मैंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने का फैसला किया है। मुझे यह तय करने में बहुत समय लगा कि मेरे और मेरे परिवार के लिए भविष्य में क्या सबसे अच्छा रहेगा। यह वाकई बहुत कठिन फैसला था लेकिन साथ ही मैं इससे पूरी तरह से संतुष्ट भी हूं।पहले दिन से ही, अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान था और यह वह सब कुछ था जिसके लिए मैंने एक युवा लड़के के रूप में काम किया था और जिसके बारे में मैंने सपना देखा था।'
देश के लिए खेल पाना सम्मान की बात
क्लासेन ने आगे लिखा कि - 'मैंने बेहतरीन दोस्ती और रिश्ते बनाए हैं जिन्हें मैं जीवन भर संजो कर रखूंगा। प्रोटियाज के लिए खेलने से मुझे महान लोगों से मिलने का मौका मिला जिन्होंने मेरी जिंदगी बदल दी और उन लोगों को मैं जितना भी धन्यवाद कहूं कम है। प्रोटियाज की शर्ट पहनने का मेरा सफर बाकी लोगों से अलग था और मेरे करियर में कुछ ऐसे कोच थे जिन्होंने मुझ पर विश्वास बनाए रखा - मैं उनका हमेशा आभारी रहूँगा।अपनी छाती पर प्रोटियाज बैज के साथ खेलना मेरे करियर का सबसे बड़ा सम्मान था और हमेशा रहेगा।मैं अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए उत्सुक हूं क्योंकि यह निर्णय मुझे ऐसा करने का मौका देगा।मैं हमेशा एक बड़ा प्रोटियाज समर्थक रहूंगा और उन सभी को धन्यवाद देना चाहूंगा जिन्होंने मेरे करियर के दौरान मेरा और मेरे साथियों का समर्थन किया।'
